Home Breaking दिल्ली : चार साल के बच्चे ने बताया, पिता है मां का कातिल

दिल्ली : चार साल के बच्चे ने बताया, पिता है मां का कातिल

0
दिल्ली : चार साल के बच्चे ने बताया, पिता है मां का कातिल

नई दिल्ली। द्वारका इलाके में हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चार साल बच्चे से मिली जानकारी के आधार पर उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को बच्चे ने बताया था कि पिता ने ही उसकी मां को मारा है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे पत्नी के अवैध संबंध का शक था। इसलिए उसने हत्या को अंजाम दिया।

पुलिस उपायुक्त शिबेश सिंह के अनुसार रविवार सुबह द्वारका सेक्टर-19 स्थित अंबराही एक्सटेंशन में एक महिला का शव मिलने की कॉल मिली थी। मकान की पहली मंजिल पर पुलिस को 26 वर्षीय महिला का शव पड़ा हुआ मिला। महिला के नाक और मुंह से खून बह रहा था। जांच में मृतका की पहचान अम्रिका देवी के रूप में की गई।

शव के पास ही महिला के तीन बच्चे मौजूद थे। इनकी उम्र दो से पांच वर्ष के बीच थी। जांच में पता चला कि महिला अपने पति शिव बालक शाह और तीन बच्चों के साथ पिछले कुछ माह से वहां रहती थी। महिला के चार वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि पापा ने उसकी मां को मारा है।

पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 11 बजे उसके घर से झगड़े की आवाज आ रही थी। लोगों ने सुबह लगभग सात बजे आखिरी बार शिव को घर से जाते हुए देखा था।

इस बाबत हत्या का केस दर्ज कर पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरु की। बीते सोमवार को पुलिस ने उसे अंबराही गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि सात साल पहले उसका विवाह हुआ था।

वह बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है। उसे शक था कि उसकी पत्नी के जीजा से अवैध संबंध हैं। इसलिए वह अपने परिवार को दिल्ली ले आया था। लेकिन दिल्ली आने पर भी उसका शक पत्नी पर जारी रहा।

बीते रविवार की रात करीब 11 बजे उसने अपने घर से पड़ोसी को निकलते हुए देखा। इस बात को लेकर पत्नी से उसका झगड़ा हुआ और उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।