Home Entertainment Bollywood Happy Birthday : अपनी दिलकश आवाज से दिलों पर राज करती हैं अलका याज्ञनिक

Happy Birthday : अपनी दिलकश आवाज से दिलों पर राज करती हैं अलका याज्ञनिक

0
Happy Birthday : अपनी दिलकश आवाज से दिलों पर राज करती हैं अलका याज्ञनिक
playback singer alka yagnik celebrating her 51th birthday
playback singer alka yagnik celebrating her 51th birthday
playback singer alka yagnik celebrating her 51th birthday

मुंबई। बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका अलका याज्ञनिक 20 मार्च 2016 को पना 51वां जन्मदिन मना रही हैं।

अलका ने अपने करियर की शुरुआत आकाशवाणी कोलकाता से की थी। कोलकाता के मध्यम वर्गीय गुजराती परिवार जन्मीं अलका आज शोहरत की बुलंदियों तक पहुंच गईं हैं। उनकी मां शुभा याज्ञनिक शास्त्रीय संगीत गायिका थी। घर में संगीत का माहौल होने के कारण अलका की रूचि भी संगीत की ओर हो गई और वह महज छह वर्ष की उम्र से ही अपनी मां से संगीत की शिक्षा लेने लगीं।

अलका जब वह महज 10 वर्ष की थीं तभी उनकी मां उन्हें लेकर मुंबई आ गईं। जहां उनकी मुलाकात महान निर्माता निर्देशक राजकपूर से हुई। राजकपूर ने अलका के गाने से प्रभावित होकर उन्हें संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल से मिलने की सलाह दी।

लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल भी अलका के पार्श्वगायन से काफी प्रभावित हुए और उनसे कहा कि अभी उनकी उम्र अभी काफी कम है। वह अभी बतौर डबिंग कलाकर काम कर ले बाद में वयस्क होने पर वे उन्हें पार्श्वगायिका के रूप में काम करने का मौका देंगे।

अलका ने पार्श्वगायिका के रूप में अपने सिने करियर की शुरूआत 1979 में प्रदर्शित फिल्म पायल की झंकार से की। इस फिल्म में उन्हें एक गीत की कुछ पंक्तियां गाने का अवसर मिला। इसके बाद उन्हें फिल्म हमारी बहू अलका में भी पाश्र्वगायन का अवसर मिला लेकिन कमजोर पटकथा और दोयम दर्जे के संगीत के कारण यह फिल्म टिकट खिडक़ी पर असफल साबित हुई।

लगभग दो साल तक मुंबई में रहने के बाद अलका पार्श्वगायिका बनने के लिए संघर्ष करने लगी। आश्वासन तो सभी देते लेकिन उन्हें काम करने का अवसर कोई नही देता था। इस बीच अलका को 1981 में प्रदर्शित फिल्म लावारिस में पार्श्वगायन का मौका मिला।

अमिताभ बच्चन अभिनीत इस फिल्म में उन्होंने मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है गीत गाया जो श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुआ। इस गीत की सफलता के बाद अलका पार्श्वगायिका के रूप में कुछ हद तक अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गई लेकिन उन्हें अब तक वह मुकाम हासिल नहीं हुआ था जिसके लिये वह सपनों के शहर मुंबई आई थी।

लगभग आठ साल तक मुंबई में संघर्ष करने के बाद 1988 में एन.चंद्रा की अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित अभिनीत फिल्म तेजाब में अपने गीत एक दो तीन की सफलता के बाद वह पार्श्वगायिका के रूप में अपनी पहचान बनाने में सफल हो गई।

1989 में अलका के करियर की एक और सुपरहिट फिल्म कयामत से कयामत तक प्रदर्शित हुई जिसमें उन्होंने उदित नारायण के साथ ऐ मेरे हमसफर, अकेले हैं तो क्या गम है और गजब का है दिन सोचो जरा जैसे सुपरहिट युगल गीत गाए जो श्रोताओं के बीच काफी लोकप्रिय हुए। इन फिल्मों की सफलता के बाद अलका को कई अच्छी फिल्मों के प्रस्ताव मिलने शुरू हो गए।

1994 उनके सिने करियर का अहम वर्ष साबित हुआ। इस वर्ष उनकी सुपरहिट फिल्म हम हैं राही प्यार के प्रदर्शित हुई। इस फिल्म के लिए उन्हें पहली बार सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायिका राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। इसके बाद 1999 में प्रदर्शित फिल्म कुछ कुछ होता है के लिए भी उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

अलका अपने सिने कैरियर में अब तक सात बार फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित की जा चुकी है। माधुरी दीक्षित, श्रीदेवी, काजोल और जूही चावला जैसी नामचीन अभिनेत्रियों की आवाज कही जाने वाली अलका ने तीन दशक से भी ज्यादा लंबे करियर में हिन्दी के अलावा अवधी, गुजराती, उडिय़ा, राजस्थानी, नेपाली, बंगला, भोजपुरी, पंजाबी, मराठी, तेलुगु, तमिल, मणिपुरी, अंग्रेजी और मलयालम फिल्मों के गीतों के लिए भी अपना स्वर दिया है।

अलका अब तक लगभग 600 फिल्मों के लिए करीब 20,000 गीत गा चुकी है। अलका आज भी फिल्म और संगीत जगत को अपनी दिलकश आवाज के जरिए सुशोभित कर रही है।