Home Breaking शिमला में झमामझ बारिश से मौसम हुआ सुहाना

शिमला में झमामझ बारिश से मौसम हुआ सुहाना

0
शिमला में झमामझ बारिश से मौसम हुआ सुहाना
pleasant cool weather in Shimla after rains
pleasant cool weather in Shimla  after rains
pleasant cool weather in Shimla after rains

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और आसपास के कई इलाकों में रविवार दोपहर झमाझम बारिश हुई और ओले भी गिरे। सुबह से आसमान साफ था और तेज धूप खिली हुई थी।

दोपहर एक बजे एकाएक आसमान बादलों से घिर गया और ये बादल जब बरसने लगे तो उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों में खुशी की लहर दौर गई। बारिश के साथ ओले भी गिरने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों ने आज राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया था। लेकिन मौसम विभाग के अनुमान के आगे जाकर मौसम ने रंग बदला और माहौल खुशगवार हो गया।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी बारिश का क्रम जारी रहने की संभावना जताई है। पिछले तीन दिनों से शिमला में मौसम का मिजाज काफी गर्म था। पिछले कल यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। इसके अलावा न्यूनतम तापमान भी लगातार बढ़ रहा था।

शिमला में सुबह का न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। राज्य के अन्य भागों में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 20.4, नाहन में 23.5, उना में 27.5, सोलन में 20.5, कांगड़ा में 22.5, हमीरपुर में 22.8, बिलासपुर में 21.1, मण्डी में 21.6 , भुंतर में 18 और धर्मशाला में 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटों के दौरान सलूणी में 15, पांवटा साहिब में 10 और मनाली में 4 मिलीमीटर वर्षा हुई।

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्यवर्ती क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक मौसम खराब रहेगा और कुछ स्थानों पर तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान निचले व उंचाई वाले इलाकों में आसमान साफ रहेगा। उन्होंने कहा कि 10 व 11 जून को राज्य के सभी भागों में तेज बारिश की संभावना है।