Home Chandigarh पंजाब में नगर निकाय चुनाव रविवार को

पंजाब में नगर निकाय चुनाव रविवार को

0
पंजाब में नगर निकाय चुनाव रविवार को
Punjab municipal polls on Sunday, all arrangements made
Punjab municipal polls on Sunday, all arrangements made

चंडीगढ़। पंजाब राज्य निर्वाचन आयोग ने रविवार को होने वाले निकाय चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरा कर ली हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन 17 दिसम्बर को होने चुनाव में भाग ले रहे हैं। इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव के बाद तीनों पार्टियों के लिए यह पहला बड़ा चुनावी पड़ाव है।

राज्य निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि तीन नगर निगमों और 29 नगरपालिका परिषदों और नगर पंचायतों के प्रतिनिधियों का चुनाव करने के लिए मतदान रविवार सुबह आठ बजे से शुरू होगा और शाम चार बजे समाप्त होगा। नतीजे रविवार शाम घोषित कर दिए जाएंगे।

अमृतसर, जालंधर और पटियाला नगर निगमों के लिए मतदान किया जाएगा। पंजाब के सबसे बड़े शहर लुधियाना में मतदाता सूची के अपडेट न होने के कारण नगर निगम का चुनाव नहीं कराया जा रहा है।

पंजाब में 29 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के 327 वाडरें के लिए भी मतदान होगा। प्रवक्ता ने कहा कि 90 वार्डों में उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की है।

राज्य में कुल 873 मतदान केंद्र होंगे, जिसमें 1938 मतदान बूथ होंगे। इन मतदान केंद्रों पर कुल 8,000 चुनाव कर्मचारी और 15,500 पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

अकाली दल-भाजपा और आप ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर सत्ता का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। अमृतसर के 85 वार्डो के लिए कुल 413 उम्मीदवार हैं, जहां 769,153 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

वहीं जालंधर में 80 वार्डो के लिए 305 उम्मीदवार मैदान में हैं। यहां मतदाताओं की संख्या 560,261 है। पटियाला में 57 वार्डो में 260,664 मतदाता वोट देने के पात्र हैं।

इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में अमरिंदर सिह के नेतृत्व में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी। कांग्रेस ने 117 सीटों में से 77 सीटों पर जीत हासिल की थी, वहीं आप 20 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही थी।