Home UP Barabanki राहुल नाॅन सीरियस, नजीब जंग पर कोई दबाव नहीं : मनोज सिन्हा

राहुल नाॅन सीरियस, नजीब जंग पर कोई दबाव नहीं : मनोज सिन्हा

0
राहुल नाॅन सीरियस, नजीब जंग पर कोई दबाव नहीं : मनोज सिन्हा
Rahul gandhi Non Sirius, no pressure on Najeeb Jung : Manoj Sinha
Rahul gandhi Non Sirius, no pressure on Najeeb Jung : Manoj Sinha
Rahul gandhi Non Sirius, no pressure on Najeeb Jung : Manoj Sinha

बाराबंकी। केन्द्रीय रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा बेबुनियाद आरोप लगाती रही है। राहुल गांधी के मोदी पर आरोपों पर जवाब न दिए जाने को लेकर सिन्हा ने कहा कि यहां नाॅन सीरियस लोगों की नहीं, सीरियस लोगों की बात करिए।

उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर भी निशाना साधा। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग के इस्तीफे के पीछे भाजपा और केजरीवाल की साठ-गांठ के कांग्रेस प्रवक्ता अजय माकन के आरोपों पर मनोज सिन्हा ने कहा कि नजीब जंग का इस्तीफा उनका अपना फैसला है।

आधिकारिक रूप से इस बात की पुष्टि हुई है कि भारत सरकार या गृह मंत्रालय की ओर से उन पर इस्तीफे के लिए कोई दबाव नहीं बनाया गया। कांग्रेस ने बेबुनियाद आरोपों का एक नया खेल शुरू किया है, उनके आरोपों का अब जनता भी गंभीरता से नहीं लेती।

प्रदेश में सपा और कांग्रेस के सम्भावित गठबंधन पर रेल राज्य मंत्री ने कहा कि कोई भी गठबंधन हो जाए यह सब दूसरे नम्बर के लिए लड़ रहे हैं। भाजपा 300 सीट पाकर पहला स्थान लेने जा रही है।

वहीं प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के लिए उम्मीदवार का नाम नहीं घोषित किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने कई राज्यों में बगैर मुख्यमंत्री घोषित किए चुनाव लड़ कर सरकार बनाई है। हरियाणा, झारखण्ड और महाराष्ट्र इसके उदहारण हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के लिए अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।

रणनीति के हिसाब से संसदीय बोर्ड निर्णय करता है और यूपी के संबंध में भी निर्णय संसदीय बोर्ड ही लेगा। प्रदेश में 17 पिछड़ी जातियों को एससी जाति में शामिल करने के फैसले पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि देश जानता है कि यह उत्तर प्रदेश सरकार का अधिकार क्षेत्र नहीं है। यह चुनावी लाॅलीपाॅप है।

उत्तर प्रदेश सरकार किसी भी पिछड़ी जाति को अनुसूचित जाति नहीं कर सकती है। इसके लिए संविधान ने व्यवस्था बनाई हुई है। यह उत्तर प्रदेश सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर है, यह केवल एक राजनैतिक हथकंडा है और लोग यह समझ रहे हैं।

नोटबंदी के 45 दिन बीतने के बाद भी बैंकों से कतारें कम नहीं होने के विषय पर मनोज सिन्हा ने कहा कि स्थितियां सामान्य हो रही हैं और मोदी मैजिक चल रहा है। अब तक 60 सालों से जो लोग गरीबों की राजीनीति का दम्भ भरते थें वह उनसे छिन गया है। अब भाजपा गरीबों की पार्टी बन गई है इसीलिए लोग हो-हल्ला कर रहे हैं।

वहीं, लोगों को स्वाइप मशीन नहीं मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पंद्रह लाख से ऊपर पीओएस लग चुके हैं और 10-15 दिनों में पंद्रह लाख और पीओएस लग जाएंगे। स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया और भारत संचार निगम ने ऐसा इंतज़ाम किया है कि आप मोबाइल फोन से ही पैसा डिपॉजिट और विड्रा कर सकते हैं।

इस मौके पर प्रदेश महामंत्री पंकज सिंह ने कहा कि भगवान राम चुनाव का मुद्दा नहीं है बल्कि वह आस्था का केंद्र है। चुनाव का मुद्दा भ्रष्टाचार, सुशासन, खराब कानून व्यवस्था है।

उन्होंने सपा पर तंज कसते और कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अखिलेश यादव को समर्थन चाहिए तो अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी और आज़म खां का साथ चाहिए। हमें इन सभी का नहीं बल्कि राम भक्तों का साथ चाहिए।