Home Breaking राजस्थान उपचुनाव परिणाम 2017 : धौलपुर में भाजपा जीती

राजस्थान उपचुनाव परिणाम 2017 : धौलपुर में भाजपा जीती

0
राजस्थान उपचुनाव परिणाम 2017 : धौलपुर में भाजपा जीती
Rajasthan by-election results 2017 : BJP wins in Dholpur seat
Rajasthan by-election results 2017 : BJP wins in Dholpur seat
Rajasthan by-election results 2017 : BJP wins in Dholpur seat

जयपुर। राजस्थान के धौलपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शोभा रानी कुशवाह ने कांग्रेस के अपने प्रतिद्वंदी और पूर्व मंत्री बनवारी लाल शर्मा को गुरुवार को 38,000 से भी अधिक मतों के अंतर से हरा दिया। धौलपुर सीट के लिए उपचुनाव नौ अप्रेल को हुआ था।

धौलपुर विधानसभा सीट पिछले साल रिक्त हुई थी, जब भाजपा प्रत्याशी के पति, बहुजन समाज पार्टी के विधायक बनवारी लाल कुशवाह हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे और इस कारण अयोग्य करार दिए गए थे।

उपचुनाव में 1.91 लाख से भी अधिक मतदाताओं में से 77.14 प्रतिशत ने मतदान किया था। इसमें कुल 15 उम्मीदवार मैदान में थे।

शोभा रानी पहले चरण से ही अपने प्रतिद्वंदियों से आगे रहीं। उन्होंने 91,548 मत हासिल किए, जबकि शर्मा को 52,875 वोट मिले। उपचुनाव में 952 नोटा वोट पड़े।

परिणाम की घोषणा होते ही भाजपा समर्थकों ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर जश्न मनाया।

चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ ने कहा कि यह विकास के लिए मतदान है। जनता ने सबका साथ सबका विकास के लिए मतदान किया है।

लोक निर्माण विभाग के मंत्री यूनुस खान ने बताया कि यह राजे के नेतृत्व, उनके दृष्टिकोण और उनके नेतृत्व में राज्य के विकास की जीत है।

यह उपचुनाव कांग्रेस और सत्तारूढ़ भाजपा दोनों के लिए साख का सवाल था और इस बात से इसका साफ पता चलता है कि खुद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा के राज्य प्रभारी अशोक परनामी और उनके कैबिनेट सहकर्मियों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए यहां कई दिन बिताए थे। राजे ने इस निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो भी आयोजित किया था।

कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों के लिए वोट जुटाने के लिए निर्वाचन क्षेत्र में व्यापक प्रचार के लिए राज्य प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और विधानसभा में विपक्ष के नेता रामेश्वर दुदी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उतारा था।

2013 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को राज्य में बेहद शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था, जब पार्टी को 200 सीटों में से केवल 21 पर ही जीत हासिल हुई थी, जबकि भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 163 सीटें जीत ली थीं।

फिलहाल सदन में भाजपा की 160 सीटें हैं और धौलपुर की जीत के बाद पार्टी की सीटों का आंकड़ा 161 हो गया है। जबकि 200 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 24 सीटें हैं।

यह धौलपुर परिवार की जीत है : राजे

राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने धौलपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि यह जीत धौलपुर के परिवार की जीत है। किसी एक जाति की नहीं बल्कि सभी जातियों की जीत है।

धौलपुर विधानसभा उपचुनाव परिणाम का ऐलान होने के बाद राजे ने संवाददाताओं से कहा कि सबका साथ, सबका विकास और आओं साथ चले की जीत है। यह एक ऐतिहासिक जीत है, धौलपुर विधानसभा में भाजपा वर्ष 1985 में चौबीस हजार से अधिक मतों से जीती थी। उसकेे बाद यह प्रथम मौका है जब तीस साल बाद भाजपा ने 38 हजार से अधिक वोट से जीत दर्ज कराई है, यह एक ऐतिहासिक जीत है।

भाजपा की जीत से प्रसन्नचित मुख्यमंत्री ने कहा कि धौलपुर के लोगों ने पहले से ही अपना मन बना लिया था, यह धौलपुर परिवार की जीत है। आने वाले समय में भी ऐसे ही परिणाम आयेंगे हम एक साथ मिलकर काम करेंगे।

मुख्यमंत्री के धौलपुर स्थित अपने निजी आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं और लोगों का हुजूम उमड रहा है, लोग राजे से मिलकर उन्हे जीत की बधाईयां दे रहे है। समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता वसुंधरा राजे जिंदाबाद के नारे लगा रहे है।