Home Breaking मोदी के गढ वाराणसी में सोनिया गांधी का रोड शो, जगह-जगह स्वागत

मोदी के गढ वाराणसी में सोनिया गांधी का रोड शो, जगह-जगह स्वागत

0
मोदी के गढ वाराणसी में सोनिया गांधी का रोड शो, जगह-जगह स्वागत
Sonia Gandhi's road show in Varanasi
Sonia Gandhi's road show in Varanasi
Sonia Gandhi’s road show in Varanasi

वाराणसी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का रोड शो हुआ। पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जगह-जगह स्वागत किया तथा पलक पांवडे बिछा दिए। कांग्रेस ने इस रोड शो को भव्य बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी।

सोनिया गांधी का रोड शो सर्किट हाउस से एक बजे के बाद प्रारम्भ हुआ। यह रोड शो अंबेडकर चैराहा, कचहरी, नदेसर, चैकाघाट, अलईपुर, गोलगड्डा, मैदागिन होते हुए इंग्लिशियालाइन स्थित पं. कमलापति त्रिपाठी की प्रतिमा के समक्ष खत्म हुआ। यहां सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।

वाराणसी से पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार की सुबह 11 बजे बाबतपुर हवाई अड्डा पहुंची। वहां पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, शीला दीक्षित, प्रमोद तिवारी, रीता बहुगुणा जोशी, अजय राय समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने उनकी आगवानी की।

इसके बाद सोनिया गांधी हवाई अड्डे से सीधा सर्किट हाउस गयीं। हवाई अड्डे से बाहर निकलते ही कार्यकर्ताओं ने सोनिया पर गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश की। सर्किट हाउस में कांग्रेस सेवादल के 21 कार्यकर्ताओं ने सोनिया को सलामी दी।

सर्किट हाउस में थोड़ी देर विश्राम करने के बाद सोनिया का रोड शो प्रारम्भ हुआ। वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष का यह पहला बनारस दौरा था। कांग्रेस प्रवक्ता रीता बहुगुणा जोशी ने इस अवसर पर कहा कि बाबा विश्वनाथ के आशीर्वाद से आज वाराणसी से पार्टी की नई शुरुआत हो रही है।

सोनिया गांधी के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उनके कार्यक्रम के लिए एसपीजी ने वाराणसी में पहले से ही डेरा डाल रखा है। जिला प्रशासन ने रोड शो को देखते हुए शहर में कई जगह रूट डायवर्जन किया था। एसपी सिटी सुधाकर यादव ने कहा कि रूट डायवर्जन सोनिया गांधी के वापस जाने तक लागू रहेगा।

सोनिया का कार्यक्रम

सोनिया गांधी का रोड शो तीन बजे तक चलेगा। तीन बजे वह कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष 3.15 बजे वापस सर्किट हाउस आ जाएंगी। शाम 5.45 बजे वह काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगी। 6 से 6.30 बजे तक बाबा विश्वनाथ मंदिर में रहेंगी। इसके बाद 6.30 बजे वह बाबतपुर हवाई अड्डे के लिए रवाना हांगी। सात बजे के बाद सोनिया गांधी हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए रवाना होंगी।