Home Headlines मोदी के गढ़ में पहुंचीं सोनिया का रोड शो, विपक्ष दलों में बैचेनी

मोदी के गढ़ में पहुंचीं सोनिया का रोड शो, विपक्ष दलों में बैचेनी

0
मोदी के गढ़ में पहुंचीं सोनिया का रोड शो, विपक्ष दलों में बैचेनी
Sonia gandhi's roadshow in modi citadel
Sonia gandhi's roadshow in modi citadel
Sonia gandhi’s roadshow in modi citadel

वाराणसी। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी मंगलवार को सुबह 11 बजे वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचीं, जहां शीला दीक्षि‍त और कांग्रेस के अन्‍य नेताओं ने स्‍वागत कि‍या।

सोनिया गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगभग आठ घंटे दस मिनट प्रवास करेंगी। इस दौरान वह कांग्रेस के होने वाले रोड शो में शामिल होकर पार्टी की ताकत का अहसास कराएंगी।

प्रवास के दौरान जहां सोनिया पार्टी के लिए संजीवनी बनेगी वहीं 11 किमी लम्बे रोड शो के जरिये मिशन यूपी का आगाज कर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भी भरेगी।

कार्यकर्ताओं को उत्साह से लबरेज करने में उनका साथ प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, श्रीप्रकाश जायसवाल, डा.संजय सिंह, प्रमोद तिवारी, रीता बहुगुणा जोशी, जफर अली नकवी, सत्यव्रत त्रिपाठी जैसे दिग्गज भी देंगे।

सोनिया गांधी के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने पूरे शहर को कांग्रेसमय बनाने के लिए पोस्टर बैनर कटआउट होर्डिंग से पाट दिया है। उत्साहित कार्यकर्ता पार्टी का झंडा बैनर लेकर आज सुबह से ही मोहल्लो, गांवो में लोगो को रोड शो में ले जाने के लिए चक्कर काटने लगे।

रोड शो में शामिल वाहनों का काफिला पिंडरा, शिवपुर, शहर उत्तरी, शहर दक्षिणी और कैंट विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगा। इस सम्बन्ध में एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय ने बताया कि रोड शो के लिए सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक की अनुमति दी गई है।

सोनिया के रोड शो को लेकर विपक्षी दलों में बेचैनी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के रोड शो को लेकर विपक्षी दलों में भी बेचैनी बढ़ गई है। सपा और बसपा जहां अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों की भागीदारी पर नजर रख रही है वहीं भाजपा सवर्णो खासकर ब्राम्हण और राजपूत वोटरों पर नजर टिकाए हुए है।

अमेठी के राजा डा.संजय सिंह के साथ राजपूत युवाओं की भीड़ और कांग्रेस के लिए ब्राम्हणों में बढ़ रही उत्सुकता भाजपा के लिए अच्छी खबर नहीं है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर भी कहते हैं कि हम अपने चुनावी घोषणा पत्र में गरीब सवर्णो के लिए आरक्षण की बात रखेंगे।

एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस के बड़े नेताओं का जनता से जुड़ाव (कनेक्टिविटी)कम हो गया था लेकिन समय बदला आज पूरी कांग्रेस जनता के शरण में है।

वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि जनता ही हमें सत्ता में ला रही है। जनता का वोट कोई कुतुबमीनार नहीं कि जहां पड़ गया तो पड़ गया। 1977 में कांग्रेस के हश्र का हवाला देकर कहा कि फिर पार्टी ढाई साल में ही सत्ता में लौट आई।

उधर रोड शो के मार्ग पर कार्यकर्ता और आमजन भी समाचार लिखे जाने तक जुटने लगे थे। रोड शो कचहरी से नदेसर, चैकाघाट, अलईपुर, गोलगड्डा, पीलीकोठी, विशेश्वरगंज, मैदागिन, कबीरचैरा, लहुराबीर, मलदहिया होते इंग्लिशिया लाइन पहुंच कर पं.कमलापति त्रिपाठी प्रतिमा स्थल पर पूरा होगा। यहां कांग्रेस अध्यक्ष एकत्रित समूह को संबोधित करेंगी। सोनिया गांधी रोड शो के बाद बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन भी करेंगी।