Home Rajasthan Ajmer बालिकाओं से छेड़छाड़ की तो खैर नहीं, स्कूलों में लगेगी शिकायत पेटिका

बालिकाओं से छेड़छाड़ की तो खैर नहीं, स्कूलों में लगेगी शिकायत पेटिका

0
बालिकाओं से छेड़छाड़ की तो खैर नहीं, स्कूलों में लगेगी शिकायत पेटिका

अजमेर। स्कूल आने जाने वाली छात्राओं से छेड़छाड़ करने वाले रोडछाप रोमियों की अब खैर नहीं। छात्राओं को ईव टीजिंग से बचाने के लिए शिक्षा विभाग बड़ी पहल करने जा रहा है। स्कूलों में शिकायत पेटिका लगायी जाएगी। इसमें छात्राएं अपनी शिकायतें लिखकर डाल सकती हैं।

इन शिकायतों पर जिला प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग तुरन्त कार्यवाही करेंगे। शिकायत शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी के एप एवं विभाग के पोर्टल पर भी जा सकेंगी।

शिक्षा एवं पंचायतीराज राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को राजकीय मॉडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम के तहत छात्राओं से सीधा संवाद किया। छात्राओं से उनके कैरियर एवं भविष्य की योजनाओं पर चर्चा के दौरान एक बालिका ने कहा कि क्या विभाग के पास ईव टीजिंग रोकने के लिए कोई कार्य योजना है।

कई बार बालिकाओं को स्कूल आते जाते समय मनचले लड़कों की फब्तियों एवं छेड़छाड़ का सामना करना पड़ता है। ऎसे में कई छात्राएं स्कूल तक छोड़ने का विचार कर लेती हैं। इस पर देवनानी ने तुरन्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के सभी सरकारी स्कूलों में एक शिकायत पेटिका रखवाई जाए। इस पेटिका में छात्राएं अपनी शिकायत लिखकर डाल सकेंगी।

उन्होेंने बताया की शीघ्र ही राज्य सरकार, प्रशासन, पुलिस एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम बनाकर इस तरह की शिकायत पर तुरन्त सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। शिकायत शिक्षा मंत्री के एप तथा विभाग के पोर्टल पर भी दी जा सकती है। उन्होेंने स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण के कार्यक्रम में भी तेजी लाने की घोषणा की।

देवनानी ने छात्राओं को जानकारी दी कि स्मार्ट सिटी बनने जा रहे अजमेर में अपराधों की रोकथाम के लिए स्मार्ट पुलिसिंग की जा रही है। शहर में तमाम महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे लगाए गए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अभय कमाण्ड सेन्टर का लोकार्पण किया है। इस सेंटर से पूरे शहर में गतिविधियों पर कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है। अब अपराधियों का बचना आसान नहीं है।

उन्होंने छात्राओं को राज्य सरकार की योजनाओं यथा भामाशाह योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा, जलस्वावलम्बन अभियान, राजश्री, अन्नपूर्णा सहित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी भारत की संपूर्ण जानकारी रखें। भारत ने विश्व का नेतृत्व किया है। दुनिया को विज्ञान भारत ने ही सिखाया है।

देवनानी ने कहा कि बालिकाओं में उत्तरदायित्व का बोध पैदा हो, इसके लिए उसके स्वभाव में पानी संरक्षण, स्वच्छता एवं कौशल विकास जैसे गुण विकसित किये जायें। छात्र जीवन में धैर्य, नम्रता, निपुणता जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे छात्र की जिज्ञासाओं को शांत करें। बच्चों के प्रश्न को दबाया नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि वे अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए क्षमता एवं रूचि के अनुसार लक्ष्य तय करें। वे अपने जीवन में मर्यादा, अनुशासन, समर्पण, प्रयत्न के गुणों को बनाये रखें तभी उनका भविष्य उज्जवल होगा। विभिन्न विकास योजनाओं, स्वच्छता अभियान की जानकारी के साथ समाचार पत्र पढना जरूरी है उसी से छात्रों को अपने समाज एव आसपास की घटनाओं की जानकारी मिलती रहती है, जो आज के समय में बहुत जरूरी है।

देवनानी ने छात्राओं से राज्य सरकार की विभिन्न योजनाआें तथा अजमेर शहर में कराए जा रहे विकास कार्यो आदि विषयों पर बातचीत की। उन्होेंने न सिर्फ स्वयं अपनी बात रखी बल्कि छात्राओं के विचारों को भी जाना।

इस मौके पर शिक्षा राज्यमंत्री ने विद्यालय में 60 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाली छात्राओं को मेडल, स्मृतिचिन्ह एवं प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में पार्षद अनिश मोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का शुभारम्भ

शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत आज राजकीय मॉडल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर का शुभारम्भ किया। यह स्ट्रक्चर विधायक कोष से 4 लाख रूपए की लागत से बनाया जाएगा। कार्यक्रम में पार्षद अनिश मोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।