Home Rajasthan Ajmer यह गांव, गरीब, किसान और मजदूर की सरकार : कटारिया

यह गांव, गरीब, किसान और मजदूर की सरकार : कटारिया

0
यह गांव, गरीब, किसान और मजदूर की सरकार : कटारिया

अजमेर। प्रदेश के गृह एवं आपदा राहत मंत्री गुलाब चन्द कटारिया ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में चार सालों में प्रत्येक वर्ग को राहत मिली है। यह सरकार गांव, गरीब, किसान और मजदूर की सरकार है।

हमने बिचौलियों को हटाकर गरीब के हक का पैसा सीधा उसके खाते में पहुंचाया है। पिछले चार सालों में 11 हजार करोड़ रूपए बैंक खातों के माध्यम से सीधे लाभार्थी तक पहुंचाए गए हैं। राज्य के 65 लाख किसानों को 6 हजार 347 करोड़ रूपए की मुआवजा राशि ऑनलाइन भिजवाई गई है।

गृह मंत्री कटारिया ने रविवार को अजमेर में राज्य सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम को सम्बोधित किया। उन्होंने प्रभारी मंत्री हेमसिंह भडाना, शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अनिता भदेल, संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम एवं सुरेश सिंह रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम का शुभारम्भ एवं विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिभाओं का सम्मान किया।

कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री राजे के नेतृत्व में केन्द्र एवं राज्य में पारदर्शी शासन है। हम लगातार जनता के बीच अपना लेखाजोखा दे रहे है। जनता को पता है कि उनका पैसा उन्हीं के विकास पर खर्च किया जा रहा है।

कटारिया ने आमजन कहा कि हमने बिना भेदभाव विकास किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के शासन में पहली बार 500 तक की आबादी वाले प्रत्येक गांव को सड़क से जोड़ा गया। शिक्षा, पंचायतीराज, चुनाव और पारदर्शिता सहित कई ऎसे सुधार है। जो प्रदेश की जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए। हमारी सरकार ने स्कूल क्रमोन्नयन, चिकित्सा व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पूरी दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। नोटबंदी एवं जनधन खाते जैसे ऎतिहासिक निर्णय कर उन्होंने देश को मजबूती दी। सिर्फ 12 रूपए में बीमा आज प्रत्येक देश वाससियों को सुरक्षा दे रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, पोस मशीन, अन्नपूर्णा योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राजे के नेतृत्व में आज राजस्थान पूरे देश में अग्रणी है।

जिले के प्रभारी मंत्री हेमसिंह भडाना ने कहाकि मुख्यमंत्री राजे आमजन की समस्याओं के निराकरण के प्रति संवेदनशील होकर काम करती हैं। उनके नेतृत्व में पहली बार सरकार गांव-ढ़ाणियों में पहुंची और आमजन को राहत प्रदान की। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से जिले के विकास के लिए विभिन्न घोषणाएं की।

भडाना ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा के तहत जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अजमेर के कार्डियोलॉजी विभाग में एनजियोजेट थ्रोमबेकटोमी सिस्टम की स्थापना की जाएगी। इस तकनीक से डीप-वैन थोम्बोसिस के क्लोटस को हटाने, अचानक होने वाली संदिग्ध मौतों पर रोक एवं एन्जियोप्लास्टी करते समय खून का थक्का जम जाने पर इसे हटाया जा सकेगा। इससे हृदय रोगियों को लाभ मिलेगा। इसके लिए 1.15 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि शिशु रोग विभाग में 6 वेन्टीलेटर्स की स्थापना की जाएगी। इस पर 90 लाख रूपए खर्च होंगे। इसी तरह नगर पालिका नसीराबाद में गौरव पथ बनाया जाएगा। इस पर 2.50 करोड़ रूपए खर्च होंगे। इसी तरह महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों की रोकथाम के लिए अजमेर में विशेष सेल गठित होगी। इसका उद्देश्य महिलाओं के विरूद्ध होने वाले अपराध जैसे बलात्कार, दहेज हत्या एवं एसिट अटैक आदि के संबंध में कार्यवाही करना होगा। इस सेल में न्यूनतम एक तिहाई पदों पर महिलाएं नियुक्त की जाएगी।

शिक्षा राज्य मंत्री देवनानी ने कहा कि पिछले चार साल में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 800 करोड़ रूपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। सड़क, पानी एवं बिजली सहित बुनियादी सुविधाआें का विस्तार तो हुआ ही, कई ऎसे क्षेत्रों में भी काम करवाए गए जहां आज तक विकास की रोशनी नही पहुंची थी। हाथीखेड़ा, काजीपुरा, माकड़वाली आदि गांवों में आजादी के बाद पहली बार बीसलपुर का पानी पहुंचा।

देवनानी ने कहा कि अजमेर में 250 करोड़ रूपए की लागत से बनने वाला एलिवेटेड रोड़ शहर को यातायात की समस्या से मुक्ति दिलाएगा। आनासागर के किनारे चौपाटी का निर्माण, शहर में एलईडी लाईट, घर-घर कचरा संग्रहण, स्मार्ट क्लास रूम, पंचशील में नए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सात नए जीएसएस सहित कई ऎसे विकास कार्य है। जिनसे शहर का विकास तेजी से हो रहा है। शहर को प्रतिदिन पानी देने की योजना, नया बाजार में मल्टीस्टोरी पार्किंग एवं अन्य विकास कार्य शहर की तस्वीर बदल देंगे।

महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री भदेल ने कहा कि मुख्यमंत्री राजे के नेतृत्व में राजस्थान में सिर्फ चार सालों में तेजी से तरक्की के सौपान तय किए हैं। मुख्यमंत्री जलस्वालम्बन अभियान, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं के तहत मुख्यमंत्री राजश्री योजना, कौशल विकास एवं भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना सहित कई ऎसे नवाचार है जो मुख्यमंत्री की अभिनव सोच को दर्शाते हैं।

प्रदेश के लाखों बच्चे, युवा, रोगी एवं आमजन इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं। मुख्यमंत्री का आमजन से जनसंवाद प्रत्येक वर्ग के लिए राहत लेकर आया। बड़ी संख्या में आमजन की समस्याओं का निराकरण हुआ है।

भदेल ने कहा कि पिछले चार साल में अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में नाकामदार रेल्वे ओवर ब्रिज, सुभाष नगर एवं अजमेर डेयरी आरओबी, सेटेलाईट अस्पताल, सामुहिक विवाह के तहत करोड़ो रूपये की आर्थिक सहायता, टॉय बैंक, आदर्श आंगनबाडी सहित कई ऎसी उपलब्धियां है जिनसे लाखों लोगों को फायदा हुआ है।

संसदीय सचिव सुरेश सिंह रावत ने कहा कि पिछले चार सालों में पुष्कर विधानसभा क्षेत्र का अभूतपूर्व विकास हुआ है। मुख्यमंत्री राजे ने क्षेत्र में 24 करोड़ रूपए की लागत से ब्रह्मा मंदिर एंट्री प्लाजा निर्माण, रोपवे, 140 गांवों को बीसलपुर का पानी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय विद्युतिकरण योजना से लाभान्वित किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश में अजमेर, पुष्कर, नसीराबाद एवं पीसांगन के राजस्व रिकॉर्ड सुधार का ऎतिहासिक काम हुआ है। इसके साथ ही क्षेत्र के 118 गांवों की 3 हजार बीघा जमीन को एडीए से बाहर निकलवाकर ग्रामीणों को पट्टा वितरण किया गया। इसी तरह कई अन्य विकास कार्य भी करवाए गए हैं।

संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि अजमेर की जनता ने सरकार में जो विश्वास जताया है हमने उस पर खरा उतरने का प्रयास किया है। पिछले चार साल में केकड़ी क्षेत्र में सैकड़ों करोड़ रूपये के काम करवाए गए हैं। गरीब को गणेश मानकर हमने काम किया। सिर्फ सड़कों के क्षेत्र में ही 300 करोड़ रूपए के कार्य हुए है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राजे के नेतृत्व में राजस्थान निरन्तर उन्नति कर रहा है। केकड़ी क्षेत्र में सड़क, पानी, बिजली, स्कूल और अस्पताल सहित विभिन्न क्षेत्रों में करोड़ों रूपये के विकास कार्य हुए है । क्षेत्र की 32 स्कूलों को उच्च माध्यमिक स्तर पर क्रमोन्नत किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में गौरवपथ, मिसिंग लिंक एवं महात्मा गांधी नरेगा के माध्यम से सड़कों का जाल बिछाया गया है।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता की अलख जगी तो पशुओं के लिए भी उप स्वास्थ्य केन्द्र खोले गये है। करीब 50 करोड़ रूपए की लागत से केकड़ी शहर में सीसी सड़क, सीसी टीवी कैमरे, भवनों का जीर्णोद्धार सहित अन्य विकास कार्य करवाए गए है। राज्य सरकार की श्रमिक कार्ड सहित अन्य विकास योजनाओं के जरिए प्रदेश का समग्र विकास हुआ है।

अजमेर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष शिव शंकर हेडा ने कहा कि प्राधिकरण पुष्कर में शीघ्र ही 130 बीघा भूमि पर स्प्रिचुअल हब बनाने जा रहा है। इसी तरह पुष्कर में ही स्वास्तिक सिटी भी प्रस्तावित है जिसमें प्रत्येक राज्य के भवन पुष्कर में बनवाएं जाएंगे। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के तहत कराए जा रहे विकास कार्यो की जानकारी दी।

किशनगढ़ विधायक भागीरथ चौधरी ने कहा कि पिछले चार साल में पूरे प्रदेश का अभूतपूर्व विकास हुआ है। सड़क, पानी, बिजली सहित प्रत्येक क्षेत्र में चहुंमुंखी विकास हुआ है। राजस्थान पूरे देश में प्रथम पायदान पर होगा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश लगातार तरक्की कर रहा है।खो खो संघ के अध्यक्ष भंवरसिंह पलाड़ा, मसूदा विधायक सुशील कंवर पलाड़ा ने भी संबोधित किया। इससे पहले जिला कलक्टर गौरव गोयल ने जिले में चार साल में हुए विकास कार्यो की जानकारी दी।

इस अवसर पर जिला प्रमुख वंदना नोगिया, महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, उपमहापौर सम्पत सांखला, पुष्कर नगर पालिका अध्यक्ष कमल पाठक, बीजेपी शहर अध्यक्ष अरविन्द यादव, बीजेपी ग्रामीण अध्यक्ष प्रो बी.पी.सारस्वत, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा ग्रामीण जन उपस्थित थे।

लाभान्वितों को किया सम्मानित

समारोह में जिले में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित व्यक्तियाें को लाभान्वित किया गया। अन्तरजातिय विवाह योजना में 15 युगलों को 2.50-2.50 लाख की सावधी जमा, सहयोग योजना में चार व्यक्तियों को, लेपटोप के लिए राज्य स्तर पर पात्र 11 विद्यार्थियों को, आर्थिक पिछड़ा वर्ग के सामान्य चार मेधावी विद्यार्थियों को, श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं में 13 हिताधिकारियों को, नगर निगम द्वारा 8 व्यक्तियों को पट्टा वितरण, कृषि विभाग द्वारा 3 व्यक्तियों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा अजमेर सेन्ट्रल कॉपरेटिव बैंक द्वारा 5 व्यक्तियों को किसान कल्याण एवं एक को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा क्लेम राशि वितरण कर लाभान्वित किया। इसी प्रकार जिला परिषद द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना एवं नरेगा द्वारा बकरी शेड निर्माण कार्य उत्कृष्टता से सम्पादित करने पर सम्मानित किया गया। आशु भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता के 12 प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।

माइल स्टोन फोटो कॉन्टेस्ट के विजेता हुए सम्मानित

वर्तमान सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित माइल स्टोन फोटो कॉन्टेस्ट के विजेताओं को भी समारोह में सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों को 5 हजार तथा द्वितीय स्थान पर रहने वालों को 3 हजार रूपए ऑनलाइन खाते में जमा करवाए जाएंगे।

जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन

सुराज प्रदर्शनी एवं आमसभा के दौरान जिला प्रशासन तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रकाशित जिला दर्शन पुस्तिका का विमोचन मुख्य अतिथि गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया, शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल, संसदीय सचिव सुरेश रावत, संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम, अजमेर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष शिव शंकर हेड़ा, विधायक श्री भागीरथ चौधरी, राष्ट्रीय खो-खो संघ के अध्यक्ष भंवर सिंह पलाड़ा, जिला प्रमुख वंदना नोगिया, महापौर धर्मेन्द्र गहलोत, पुलिस महानिरीक्षक मालिनी अग्रवाल, जिला कलक्टर गौरव गोयल, पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र सिंह, बीजेपी शहर अध्यक्ष अरविंद यादव, प्रो. बीपी सारस्वत आदि ने किया। पुस्तिका में विभिन्न विभागों द्वारा गत चार वर्षो के दौरान की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों को सचित्र दर्शाया गया है।