उदयपुर सिटी स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों का रेल महाप्रबंधक ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

0

उदयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सोमवार को उदयपुर सिटी रेलवे स्टेशन और जोनल रेल प्रशिक्षण संस्थान का निरीक्षण कर रेलवे की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के साथ यात्री सुविधाओं, सुरक्षा, परिचालन और स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति को परखा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव के अनुसार उदयपुर सिटी स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने विभिन्न विकास कार्यों की मौके पर जाकर प्रगति देखी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा पर अधिकारियों से जानकारी ली। महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि स्टेशन पुनर्विकास के साथ यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर संरक्षा एवं परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

प्रशिक्षण संस्थान में नई सुविधा की शुरुआत

उदयपुर सिटी स्टेशन के बाद पंकज शर्मा ने जोनल रेल प्रशिक्षण संस्थान (जेडआरटीआई), उदयपुर का दौरा किया। यहां उन्होंने कंप्यूटर आधारित परीक्षा हॉल का शुभारंभ किया।

महाप्रबंधक ने संस्थान की प्रशिक्षण व्यवस्था, कक्षाओं और मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से बातचीत कर प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी भी ली। इस दौरान संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशिक्षण की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया गया।

महाप्रबंधक ने प्रशिक्षण संस्थान की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए रेल कर्मचारियों के कौशल विकास और बेहतर प्रशिक्षण को रेलवे की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।