बारां। राजस्थान में बारां के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
शनिवार को बड़ी संख्या में लोग अस्पताल रोड पर एकत्रित हुए और उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सड़क पर बैठकर विरोध दर्ज कराया।
उधर सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। पुलिस उपाधीक्षक, कोतवाली थाना प्रभारी एवं पुलिस जाब्ते ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत करके उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच एवं शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
कोतवाली थाना प्रभारी हीरालाल पुनिया ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस के अलग- अलग दल लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात बारां शहर के अंबेडकर सर्किल स्थित एक जूस सेंटर के बाहर चाकूबाजी की घटना हुई थी।
हमले में विशाल महावर और रोहित सोन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विशाल महावर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कोटा भेजा गया, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



