अजमेर। जिले के राजकीय आयुर्वेद औषधालय लवेरा में पंचकर्म चिकित्सा सुविधा के लिए नव निर्मित भवन का लोकार्पण मंगलवार को विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामस्वरूप लांबा सहित विभिन्न गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
लोकार्पण समारोह में विमलेंदु मण्डल के स्टेट ऑपरेशनल हेड सौरव सुरवित, भारत पेट्रोलियम कॉर्पाेरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) अजमेर के टेरिटरी मैनेजर अभिजीत पॉल, आरके संस्थान जयपुर के चेयरमैन डॉ. सुभाष चन्द्र शर्मा एवं आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नव निर्मित भवन में योगाभ्यास हेतु एक विशाल हॉल, पंचकर्म उपचार के लिए दो सुसज्जित कक्ष, पुरुष एवं महिला के लिए पृथक शौचालय, एक ओपीडी कक्ष तथा स्टाफ के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं। इस भवन के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीण एवं आमजन को अब स्थानीय स्तर पर आयुर्वेदिक पंचकर्म चिकित्सा का लाभ सुलभ हो सकेगा।
इस अवसर पर विधायक लांबा ने कहा कि आयुर्वेद एवं योग हमारी प्राचीन और प्रभावी चिकित्सा पद्धतियां है। इनका महत्व कोरोना काल के बाद और अधिक बढ़ा है। उन्होंने कहा कि लवेरा औषधालय में पंचकर्म सुविधा शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी तथा आयुर्वेद का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय औषधालय प्रभारी डॉ. विनोद कुमार के सतत प्रयासों को दिया।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. हनुमान मीना ने बताया कि चिकित्साधिकारी प्रभारी डॉ. विनोद कुमार के प्रयासों से पंचकर्म भवन निर्माण हेतु लगभग 44 लाख रुपए की स्वीकृति बीपीसीएल से प्राप्त हुई। यह परियोजना क्षेत्र में आयुर्वेदिक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान ताराचंद रावत पूर्व उपजिला प्रमुख, हीरासिंह रावत मंडल अध्यक्ष भवानीखेडा, राहुल सिंह रावत मंडल अध्यक्ष श्रीनगर, पिंटु रील एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष बिठुर संरपंच, पंचायत समिति सदस्य राम सिंह रावत, विष्णु प्रसाद वैष्णव मीडीया प्रभारी श्रीनगर मंडल, दीपक गुपीनाथन नायर प्लांट मैनेजर, आशुतोष फोजदार अजमेर, डॉ. अर्जुन भगवान, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. मनोज कुमार महावर, डॉ. रोहिताश गुर्जर, डॉ. सुभाष घारू, डॉ. रेणुका, श्रीमति अनामिका दाधीच, मुकेश मुथरिया, टीकम चंद सोनी निदेशालय, दयाराम चौपडा, योग प्रशिक्षक गौतम शर्मा, भगवान राव, चंदन सिह चौहान, नर्स सेफटी ऑफिसर आदित्य प्रकाश, रत्न माथुर एवं ग्रामवासी रामदेव, लक्ष्मी, जसराज, भवर सिंह इत्यादि उपस्थित रहे। इस दौरान मंच संचालन महेन्द्र सिंह भट्ट के द्वारा किया गया।



