देश की जनता संविधान को कमजोर नहीं होने देगी : टीकाराम जूली

अलवर। राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भारतीय जनता पार्टी पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि संविधान के टुकड़े करने के उसके सपने को देश की जनता कभी सच नहीं होने देगी।

जूली रविवार को अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के डाढा गांव में भारत रत्न डा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डा अंबेडकर द्वारा बनाए गए विश्व के सबसे बड़े संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी के साथ पूरा देश एकजुट होकर तैयार खड़ा है। उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा करने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे देश में संविधान बचाओ रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश के हालात बद से बदतर हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि डा अम्बेडकर संविधान निर्माता ही नहीं बल्कि दिग्गज अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने सिंबल ऑफ नॉलेज का जो कीर्तिमान हासिल किया उसकी गूंज विदेशों तक भी है, साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले डा अंबेडकर ने शिक्षा के क्षेत्र में देश को विकास की दिशा में ले जाने की नींव रखी। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के आर्थिक ढांचे को विकसित करने तथा आर्थिक सिद्धांतों और उनके विश्लेषण में उनका अतुलनीय योगदान कभी भी भुलाया नहीं जा सकता।