अजमेर। फाल्गुन मास की मस्ती और भक्ति के संगम में ‘फागुन आयो रे, चलो श्याम के द्वारे’ की स्वर लहरियों के बीच नया बाजार स्थित शिव बाग में फाग महोत्सव-2026 श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। प्राचीन मराठा कालीन श्री अर्द्ध चन्द्रेश्वर महादेव मंदिर एवं सगाई वाले बालाजी मंदिर में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर पुजारी श्यामसुंदर शर्मा ने बताया कि फाग महोत्सव में श्री शिव बाग भजन मंडल तथा ओम चौहान एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय प्रस्तुतियां दीं। ‘कीर्तन की है रात’, ‘आयो फगुनियो’, ‘मोर छड़ी लहराई रे’ और ‘छम-छम नाचे वीर हनुमाना, केसरी का लाल’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। पूरा मंदिर परिसर रंग बिरंगे फूलों की पंखुडियों, गुलाल और भक्ति रस में सराबोर नजर आया।
इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ और बालाजी का विशेष श्रृंगार किया गया। आकर्षक सजावट के बीच भव्य महाआरती उतारी गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि की कामना की। महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में जवाहर फाउंडेशन के शिव कुमार बंसल, महेश केवलरामानी, ओम गोयल, मानमल जोशी, प्रशांत जोशी, परवीन शुक्ला, ओंकार दत्त जोशी, अरविंद शुक्ला, मोहन मराठा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।महोत्सव के दौरान भक्तों ने फूलों और इत्र से होली खेलकर आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया।





