अब तक हुए चुनाव में भाजपा व राजग को बहुमत : मोदी

लोकसभा चुनाव 2024
मंडी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दावा किया कि देश में अब तक हुए पांच चरणों में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को बहुमत से ज्यादा सीटें मिल चुकी हैं। मोदी ने कहा कि अब इसमें हिमाचल की चार सीटें जुड़ जाएंगी, तो सोने पर सुहागा हो जाएगा। मैं देख रहा हूं कि हिमाचल फिर एक बार 4-0 से हैट्रिक बनाने जा रहा है। देश लगातार तीसरी बार कांग्रेस को रिजेक्ट करने जा रहा है।

मोदी ने शुक्रवार को हिमाचल के मंडी में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली के जिस शाही परिवार ने हिमाचल को धोखा दिया, उसने फिर मुड़कर यहां अपनी शक्ल नहीं दिखाई है।

मोदी ने कहा की पालमपुर यहां से ज्यादा दूर नहीं है। आज याद दिलाना चाहता हूं कि पालमपुर में भाजपा की कार्यसमिति की बैठक थी, उसमें जो निर्णय हुआ था, उससे एक इतिहास रचा गया था। इसी अधिवेशन में भाजपा ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। यानी हिमाचल राम मंदिर के निर्माण की संकल्प भूमि है। हिमाचल में लिया गया वो ऐतिहासिक संकल्प सिद्ध हो चुका है।

उन्होंने कहा कि 500 साल अविरत संघर्ष चला जिसमें लाखों लोगों ने शहादत दी। उन्होंने कहा कि ये इंतजार खत्म किया है आपके एक वोट ने, आपके वोट की ताकत के कारण आज अयोध्या में रामलला विराजमान हुए। हिमाचल खुश हुआ है, देवी-देवता आशीर्वाद बरसा रहे हैं। लेकिन, रामलला के विराजने से कांग्रेस खुश नहीं है। अगर आपके एक वोट ने मोदी की ताकत नहीं बढ़ाई होती, तो कांग्रेस कभी राम मंदिर नहीं बनने देती।

उन्होंने कहा आपने दशकों तक कांग्रेस का शासन देखा है, कांग्रेस को ऐसा भारत पसंद है जहां गरीबी हो, संकट हो, नागरिक समस्याओं से घिरे हों। इसलिए वो देश में पुराने हालात वापस लाना चाहती है। वो देश के विकास में रिवर्स गीयर लगाना चाहती है। इसलिए कांग्रेस कह रही है कि अगर हम सत्ता में आएंगे तो 370 वापस लाएंगे व सीएए को खत्म करेंगे। कांग्रेस के साथी तो कह रहे हैं कि हम देश के परमाणु हथियार खत्म कर देंगे।

मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है, भारत का नागरिक भले ही वो हिंदू हो, मुस्लिम हो, सिख हो, ईसाई हो, बौद्ध हों, उनके लिए एक समान नागरिक कानून होने चाहिए। लेकिन कांग्रेस समान नागरिक संहिता का विरोध कर रही है। कांग्रेस मुस्लिम पर्सनल लॉ के बहाने शरिया को समर्थन देती है।

इस देश को वह नहीं बना सकते, जो सिर्फ बाप-दादा की विरासत पर ही जीते हैं। इस देश को वो बनाएंगे जो मिट्टी से उठकर पहाड़ जितनी ऊंचाइयां छूते हैं। इसलिए, आज भारत का भविष्य हमारे स्टार्ट अप्स शुरु करने वाले नौजवान हैं, स्पेस में अपनी सैटेलाइट भेजने वाले नौजवान हैं, खेतों में ड्रोन उड़ा रही बेटियां हैं, लड़ाकू विमान उड़ा रही बेटिया हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस उसी दकियानूसी सोच में डूबी हुई है। आपने देखा है कि अपने दम पर सफलता हासिल करने वाली बेटियों को कांग्रेस क्या बोलती है? कांग्रेस ने मंडी का नाम लेकर कंगना रनौत (स्थानीय भाजपा उम्मीदवार) जी के लिए जो भद्दी बातें कही हैं, वह मंडी का अपमान है, छोटी काशी का अपमान है, हिमाचल के अपमान है, हिमाचल की हर बेटी का अपमान है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस 21वीं सदी में आ ही नहीं पाई, लोग आगे बढ़ते हैं, कांग्रेस उल्टा चलती है। ये 20वीं सदी की तरफ जा रही है, कांग्रेस का शाही परिवार घोर बेटी-विरोधी है, कांग्रेस महिला विरोधी है। हिमाचल में बौद्ध धर्म के महत्वपूर्ण स्थान हैं, कांग्रेस की सरकार तो इतनी डरपोक थी कि दलाई लामा जी का नाम लेने से भी डरती थी। मेरी तो दलाई लामा जी से अक्सर बात होती है, वो हमारी समृद्ध विरासत के प्रणेता हैं। भारत, बुद्ध का देश है और मोदी सरकार ने ज़ोर शोर से अपनी इस विरासत का प्रचार प्रसार किया है।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हिमाचल को बर्बादी के रास्ते पर ले जा रही है, इसलिए इसे रोकना जरूरी है। हिमाचल को कांग्रेस के शिकंजे से निकालने के लिए मुझे आपका साथ चाहिए। मैं हिमाचल की जनता से आग्रह करूंगा कि यहां विधानसभा उप-चुनाव में भी सभी छह सीटें भाजपा को जिताएं, हिमाचल के भविष्य सुनिश्चित करें।

भाजपा की इस महा रैली में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक है जब इतना बड़ा जन सैलाब मोदी की रैली में उभरा। इससे साफ दिखता है की देश में प्रदेश में और मंडी में मोदी मैजिक कायम है। एक बार फिर हिमाचल में चार की चार और देश में भाजपा 400 पार। इस अवसर पर भाजपा मंडी प्रत्याशी कंगना रनौत उपस्थित रहीं और मोदी के साथ जनता का आशीर्वाद प्राप्त किया।