राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने टीम इंडिया की जीत पर दी बधाई

0

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत अनेक केन्द्रीय मंत्रियों ने रविवार को आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में जीत के बाद भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को बधाई दी और पूरे टूर्नामेंट में टीम के कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क की सराहना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप में शानदार जीत हासिल करके इतिहास के कई शिखर छूने वाली भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। भारत को यह गौरव प्राप्त है कि वह तीन बार कप जीतने वाला एकमात्र देश है। साथ ही, यह लगातार दो बार कप जीतने वाली एकमात्र टीम भी है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप एक बार फिर जीतने और खिताब बरकरार रखने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। फाइनल में ऐतिहासिक और शानदार प्रदर्शन के साथ, भारत तीन आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है, जो देश के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण है।

उन्होंने कहा कि पूरी टीम, सहायक स्टाफ और लाखों प्रशंसकों को शुभकामनाएं, जिनके अटूट समर्थन ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि को संभव बनाया। देश इस गौरवशाली जीत का जश्न अपार गर्व के साथ मना रहा है।

प्रधानमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में खिलाड़ियों को चैंपियन बताया और कहा कि उनके प्रदर्शन ने देश को अपार गौरव दिलाया है। मोदी ने लिखा कि आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह उल्लेखनीय जीत असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और टीम वर्क को दर्शाती है।

उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान टीम के दृढ़ संकल्प की भी प्रशंसा की और कहा कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में असाधारण साहस का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इस जीत ने पूरे देश में जश्न का माहौल बना दिया है। उन्होंने आगे कहा कि इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। शाबाश, टीम इंडिया!

वैश्विक टी20 टूर्नामेंट में भारत की जीत राष्ट्रीय टीम के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और देश-विदेश के क्रिकेट प्रशंसकों ने इसका जमकर जश्न मनाया है। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में खेल के सबसे छोटे प्रारूप में शीर्ष अंतरराष्ट्रीय टीमें हिस्सा लेती हैं और इसे विश्व क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित खिताबों में से एक माना जाता है।

इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने टीम इंडिया को क्रिकेट का टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी है।
खरगे ने अपने बधाई संदेश में कहा कि टी20 विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड पर शानदार जीत के लिए भारतीय टीम को हार्दिक बधाई। आज रात 140 करोड़ भारतीय बेहद गौरवान्वित हैं।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने आत्मविश्वास और दृढ़ निश्चय के साथ नेतृत्व किया। संजू सैमसन फाइनल के संकटमोचक बनकर उभरे, वहीं ईशान, किशन गुमनाम हीरो साबित हुए। उन्होंने टीम इंडिया के सितारे हार्दिक पांड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, अभिषेक शर्मा और जसप्रीत बुमराह का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उनके शानदार योगदान ने इस ऐतिहासिक जीत को संभव बनाया। मैं पूरी टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।

गांधी ने कहा कि एक बार फिर चैंपियन। हमारी भारतीय टीम के लिए यह एक शानदार जीत थी, जिसमें संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का विशेष उल्लेख करना बनता है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई देते हुए कहा कि घर पर ट्रॉफी बरकरार रखने और देश को एक और अविस्मरणीय पल देने के लिए टीम इंडिया को हार्दिक बधाई।

इसके अलावा केन्द्रीय सहकारिता और गृहमंत्री अमित शाह ,वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भारतीय टीम को जीत की बधाई के साथ ही प्रतियोगिता के दौरान टीम के सामूहिक प्रदर्शन और दबाव में दृढ़ता की प्रशंसा की।