लाल किले की प्राचीर से पहली बार मोदी ने की RSS की सराहना, शताब्दी वर्ष की दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पहली बार ऐतिहासिक लाल किले के प्राचीर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की सराहना करते हुए शताब्दी वर्ष पर उसे शुभकामनाएं दी और कहा कि संघ राष्ट्र निर्माण के काम में जुटा हुआ है।

मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन में लाल किले की प्राचीर से संघ के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि कोटि-कोटि जनों के पुरुषार्थ से आज से सौ साल पहले इस संगठन का जन्म हुआ। इसकी सौ वर्ष की राष्ट्रीय सेवा गौरवपूर्ण है। राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर, मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर संगठन के लोगों ने जीवन समर्पित किया है।

उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और अनुशासन संघ के स्वयंसेवकों की पहचान रही है। यह संगठन दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ (गैर सरकारी संगठन) है। हम इसके सौ साल के इतिहास को आदरपूर्वक स्मरण करते हैं। यह संगठन व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के कार्य को समर्पित है।

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज मैं गर्व के साथ एक बात का जिक्र करना चाहता हूं। आज से 100 साल पहले एक संगठन का जन्म हुआ- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ। संघ के लोग 100 साल से राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर 100 साल तक मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर संघ के लोगों ने मातृभूमि के कल्याण के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। बीते 100 साल के दौरान देश की यात्रा में संघ का अहम योगदान है।

मोदी ने कहा कि सेवा, समर्पण संगठन और अप्रतिम अनुशासन संघ की पहचान रही है। उन्होंने कहा कि आज लाल किले की प्राचीर से वह उन स्वयंसेवकों को पूरे आदर के साथ याद करना चाहते हैं, जिन्होंने 100 साल की यात्रा में योगदान दिया है। मोदी ने कहा कि देश संघ पर गर्व करता है और संघ की यह भव्य एवं समर्पित यात्रा हमें प्रेरित करती रहेगी।

केसरिया रंग में रंगे नजर आए मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर केसरिया रंग में रंगे नजर आए। वे यहां लाल किला पर आयोजित मुख्य समारोह में केसरिया रंग की जैकेट और पगड़ी पहन कर पहुंचे थे। मोदी ने हर साल की तरह इस बार भी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पारंपरिक और आधुनिक फैशन का अनोखा मिश्रण पेश किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री का परिधान सबको अपनी ओर आकर्षित कर रहा था।

मोदी की वेशभूषा उनके 12वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण बन गई। उन्होंने केसरिया रंग की पगड़ी बांधी थी। वहीं श्वेत रंग के कुर्ता के साथ केसरिया रंग का जैकेट वहां मौजूद लोगों का ध्यान बरबस अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। इसके साथ ही उन्होंने गले में तिरंगे (केसरिया, सफेद और हरा) की धारियों वाला का पटका डाल रखा था जो उनके लुक को और भी आकर्षित बना रहा था।