रसोई गैस के बाद अब पीएनजी भी महंगी, आईजीएल ने बढ़ाए दाम

0

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया संकट के कारण रसोई गैस (एलपीजी) के बाद अब पाइपलाइन के जरिये किचन तक आने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) के दाम भी बढ़ गए हैं।

दिल्ली-एनसीआर के साथ कानपुर, मेरठ, अजमेर जैसे कई शहरों में घरों में पीएनजी की आपूर्ति करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने एक अप्रैल से पीएनजी की कीमत बढ़ाकर दिल्ली में 49.59 रुपए प्रति मानक घन मीटर (एससीएम) कर दिया है। इससे पहले एक जनवरी 2026 से इसकी कीमत 47.89 रुपए प्रति एससीएम थी। इस प्रकार राष्ट्रीय राजधानी में पीएनजी 1.70 रुपए प्रति एससीएम महंगी हो गई है।

एनसीआर के दूसरे शहरों में भी कीमत 1.70 रुपए प्रति एससीएम बढ़ाई गई है जबकि दूसरे शहरों में पीएनजी एक रुपए महंगी की गई है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में एक एससीएम पीएनजी की कीमत 47.76 रुपए से बढ़ाकर 49.46 रुपए कर दी गई है।

मुजफ्फरनगर, मेरठ और शामली में कीमत 47.35 रुपए से बढ़ाकर 48.35 रुपए, अजमेर, पाली और राजसमंद में 47.27 रुपए से बढ़ाकर 48.27 रुपए तथा कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर और चित्रकूट में 47.95 रुपए से बढ़ाकर 48.95 रुपए कर दी गई है। दूसरे शहरों में कीमतों में इसी प्रकार वृद्धि हुई है।

पश्चिम एशिया संकट शुरू होने के बाद सात मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़ाए गए थे। वहीं, वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम एक मार्च, सात मार्च और एक अप्रैल को तीन बार में 338 रुपए बढ़ चुकी है।