अलवर में हवाला कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 33.62 लाख रुपए बरामद

0

अलवर। राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में हवाला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार करके उनसे 33 लाख 62 हजार 623 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस को आशंका है कि यह रकम हवाला नेटवर्क के जरिए एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाई जा रही थी। मामले की सूचना आयकर विभाग को भी दे दी गई है। पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि केशव नगर स्थित एक मकान में हवाला कारोबार संचालित हो रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस दल ने मौके पर दबिश दी।

पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मकान के अंदर चार व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ के दौरान वे नकदी के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। तलाशी लेने पर उनके पास से 33 लाख 62 हजार 623 रुपए बरामद हुए। नकदी के अलावा एक झोले में दो-दो रुपये के 61 नोटों पर लिखे कोड और हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज भी मिले, जिन्हें हवाला लेन-देन से जोड़कर देखा जा रहा है। आरोपी गुजरात और अलवर के हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों में मनभाई पटेल (59) निवासी ऊंजा, गुजरात, चतुरू भाई पटेल (62) निवासी पलासर, गुजरात, भौतिक पटेल (30) निवासी पलासर, गुजरात एवं कमल गुप्ता (41) निवासी होली ऊपर, अलवर शामिल हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अंतर्राज्यीय हवाला नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

कथित धर्म परिवर्तन मामले में दिल्ली निवासी अरेस्ट

अलवर के अखैपुरा थाना क्षेत्र में तंवर कॉलोनी में सामने आए कथित धर्म परिवर्तन मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी राजकुमार को गिरफ्तार करके उसके पास से ईसाई धर्म से संबंधित प्रचार सामग्री बरामद की है।

थाना प्रभारी महेश तिवारी ने गुरुवार को बताया कि स्थानीय निवासी नितिन कुमार सैनी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि प्रार्थना सभा के नाम पर लोगों को बीमारी दूर करने का भरोसा दिलाया जाता था, और धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो धार्मिक पुस्तक एवं प्रचार सामग्री बरामद की है। प्राथमिकी में बताया गया है कि वह हिंदू देवी देवताओं के खिलाफ टिप्पणी करता था।

वाहन से पीछे से टकराया ट्रक, चालक की मौत

अलवर जिले के रैनी थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस वे पर गुरुवार को चैनल नंबर 141 के पास एक ट्रक के आगे जा रहे एक अज्ञात वाहन से टकराने से ट्रक चालक की मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि ट्रक गुजरात के राजकोट से सामान भरकर दिल्ली की ओर जा रहा था। एक्सप्रेस-वे पर अचानक चालक को झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण चालक का ट्रक पर से नियंत्रण खो गया और ट्रक आगे चल रहे किसी बड़े वाहन में पीछे से जा घुसा। इस टक्कर से ट्रक का केबिन पिचक गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को केबिन से निकाला। तब तक ट्रक चालक साजिद की मौत हो चुकी थी। शव रैणी राजकीय अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।