पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

5

श्रीगंगानगर। राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क दुर्घटना में मृत महिला पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक का दोपहर बाद राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया, जहां बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। पोस्टमार्टम के बाद उनके पार्थिव शरीर को अबोहर मार्ग स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में लाया गया। यहां पुलिस टुकड़ी ने उन्हें शोकपूर्ण सलामी दी और उनके शव को तिरंगे में लपेटा गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन, जिले के अन्य उच्च अधिकारी, कांग्रेस विधायक शिमला नायक, जिला प्रमुख दूलाराम नायक, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अंकुर मगलानी, पूर्व अध्यक्ष कपिल असीजा, कांग्रेस नेता प्रेम भाटिया, निजी बस संचालक संघ के अध्यक्ष सोनू अनेजा, पूर्व विधायक राजकुमार गौड़, सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारी और अन्य कई गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प चक्र, मालाएं और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

तत्पश्चात उनके पार्थिव शरीर को फूलों से सजे पुलिस वाहन में पदमपुर मार्ग पर कुंज विहार कॉलोनी स्थित उनके निवास पर ले जाया गया। अपराह्न साढ़े चार बजे पदमपुर मार्ग स्थित कल्याण भूमि में उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान पूर्वक की गई। अंत्येष्टि के दौरान भी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और शहर के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

ज्योति नायक श्रीगंगानगर में महिला थाना की प्रभारी के रूप में कार्यरत थीं। वह अपनी रात्रि गश्त की ड्यूटी पर ही इस हादसे का शिकार हुईं। वह अपनी कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता के लिए जानी जाती थीं।

बतादें कि श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को महिला थाना प्रभारी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। घटना तड़के करीब चार बजे की है। पुलिस की 112 नंबर वाली जीप गश्त पर थी। जीप में महिला थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक, जीप का चालक और एक अन्य नितेश (23) सवार थे।

विनोबा बस्ती दुर्गा मंदिर के नजदीक, पायल सिनेमा चौराहा पर तेज गति से आ रही एक काले रंग की हरियाणा नंबर वाली कार ने जीप को टक्कर मार दी।टक्कर से पुलिस की जीप पलट गई जिससे पुलिस निरीक्षक ज्योति नायक गाड़ी से बाहर आ गिरीं। गाड़ी उनके ऊपर पलट गई। उसके नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि जीप चालक, नितेश और कार चालक घायल हो गये। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने ज्योति नायक को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। जीप चालक, कार चालक और नितेश को गंभीर चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।