अजमेर में पुलिस ने खेली परम्परागत होली

आईजी लता मनोजकुमार तथा कलक्टर डा. भारती दीक्षित ने खूब खेली होली।

अजमेर। राजस्थान में अजमेर के पुलिस लाइन मैदान पर धुलंडी के दूसरे दिन मंगलवार को परम्परागत तरीके से पुलिसिया होली आयोजित हुई, जिसमें रेंज महानिरीक्षक, कलक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न प्रशासनिक, पुलिस अधिकारियों एवं परिजनों ने भाग लिया।

जिले में रंगोत्सव की दो दिवसीय सार्वजनिक रंगत में प्रशासनिक-कानून व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के बाद पुलिस व प्रशासन के अधिकारी जमकर होली खेले। सभी ने परस्पर एक दूसरे को रंग-गुलाल-अबीर-इत्र से रंग कर होली का आनन्द लिया।

पद की गरिमा के बीच आत्मीयता से सभी ने गुलाल लगाकर होली के वातावरण को जीवन्त किया। पुलिस महानिरीक्षक लता मनोजकुमार तथा कलक्टर डा. भारती दीक्षित ने महिला के नाते एक दूसरे के गुलाल लगाया तो मैदान में मौजूद सभी की निगाहें केवल उन्हीं की ओर टिक गई।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई ने भी अपने मातहत अधिकारियों और पुलिस के जवानों के साथ होली का जमकर लुफ्त उठाया और मुंह मिठा खिलाया। होली को देखते हुए कुछ थाने-चौकी भी खाली नजर आए। होली के बावजूद शहर की कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं उत्पन्न हुई।

देवनानी ने आमजन के साथ मनाई होली

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रंगों का पर्व होली आमजन के साथ हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर देवनानी ने लोगों के साथ पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उन्होंने होलिका दहन भी किया।

उन्होंने सामाजिक समरसता, समन्‍वय, उत्साह, उमंग एवं उल्लास और रंगों के पर्व पर लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश में जन-जीवन सुख, समृद्धि एवं आध्यात्मिकता के रंगों से सदैव भरा रहे।