मुरैना में होटल पर पुलिस का छापा, 4 युवतियां और एक युवक को दबोचा

0

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना में पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक होटल में छापा मारकर चार युवतियों और एक युवक को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा, जबकि कुछ अन्य युवक पुलिस की भनक लगने पर होटल की दीवार फांदकर फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार सईद नहर की पुलिया के समीप संचालित होटल में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचनाएं मिल रही थीं। सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के नेतृत्व में मुरैना और सिविल लाइंस पुलिस की संयुक्त टीम ने होटल पर अचानक दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल से चार युवतियों और एक युवक को पकड़ा। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही कुछ युवक होटल की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस फरार युवकों की पहचान और उनके संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार होटल में संचालित गतिविधियों की जांच की जा रही है। पकड़े गए युवक और युवतियों से पूछताछ के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।