कोंडागांव/रायपुर। छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम में अध्यक्ष बनाए जाने का झांसा देकर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कोर ग्रुप के सदस्य संतोष कटारिया से 41 लाख 30 हजार रुपए की ठगी का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र निवासी एक महिला और छत्तीसगढ़ के एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की दो धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर एवं दिल्ली निवासी काजल जोशी उर्फ कोमल इंगुले नामक महिला ने स्वयं को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्रियों से जुड़े प्रभावशाली लोगों से संपर्क में होने का दावा किया।
उसने कटारिया को खनिज विकास निगम का अध्यक्ष नियुक्त करवाने का आश्वासन देते हुए तीन करोड़ रुपए की मांग की थी। आरोप के अनुसार इस ठगी में काजल जोशी को राजीव सोनी नामक व्यक्ति का भी सहयोग प्राप्त था, जो स्वयं छत्तीसगढ़ का निवासी है।
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार संतोष कटारिया ने दिल्ली में 20 लाख रुपए नकद, फिर एक लाख 30 हजार रुपए क्यूआर कोड के माध्यम से ऑनलाइन और अंततः रायपुर के एक होटल में पुनः 20 लाख रुपए नकद आरोपी को दिए। आरोप है कि तीसरे लेन-देन के समय आरोपी महिला के साथ राजीव सोनी भी मौजूद था।
मामले की गंभीरता इस कारण भी बढ़ जाती है क्योंकि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का एक वीडियो हाल ही में वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी नेता, मंत्री या उनके साथ फोटो खिंचवाकर कोई व्यक्ति यदि नौकरी या पद के नाम पर पैसे मांगे, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार इस प्रकार की ठगी और धोखाधड़ी को कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अविभाजित मध्यप्रदेश काल में संतोष कटारिया भाजपा के उत्तर बस्तर जिला अध्यक्ष भी रह चुके हैं। निगम-मंडल में हाल ही में हुई नियुक्तियों में जब उनका नाम नहीं आया, तब उन्होंने अपने स्तर पर जांच-पड़ताल की, जिससे उन्हें इस ठगी की जानकारी हुई। बाद में उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के मोबाइल नंबर एवं अन्य सबूत भी सौंपे।
कोंडागांव जिले के केशकाल थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस 2023 की धारा 3(5) और 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस कोमल जोशी और राजीव सोनी की तलाश कर रही है जो वर्तमान में फरार हैं।