सिरसा में श्रीराम विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर निकाली जाएगी शोभायात्रा

सिरसा। श्रीराम विग्रह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पर 22 जनवरी को सिरसा में विभिन्न धार्मिक-सामाजिक-व्यापारिक और अन्य संस्थाओं की ओर से भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा जिसमें 25 झांकियां, ऊंट, घोड़े, हाथी और अनेक ढोल-बैंड पार्टियां शामिल होंगी।

यात्रा में 11 फुट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र होगी। यात्रा में 5100 महिलाएं और पुरूष श्रद्धालु धर्म ध्वजाएं लेकर चलेंगे। इसके साथ ही श्री बाबा तारा जी कुटिया में 31 फुट ऊंची भगवान श्रीराम की मूर्ति का अनावरण होगा और 31000 दीपक प्रज्जवलित किए जाएंगे। इस मौके पर आयोजित होने वाली रामसंग भजन संध्या में प्रख्यात सूफी गायक कंवर ग्रेवाल भगवान श्रीराम की महिमा का गुणगान करेंगे। साथ ही भंडारा आयोजित किया जाएगा।

रानियां रोड स्थित श्री बाबा तारा जी कुटिया में इन दिनों भगवान श्रीराम की 31 फुट ऊंची मूर्ति का निर्माण कार्य जारी है जिसे बनाने में ओडिसा के कलाकार लगे हुए है। साथ ही शोभायात्रा के लिए 11 फुट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा का निर्माण अलग से किया जा रहा है।

उधर, गोबिंद कांडा ने बताया कि इस शोभायात्रा में सभी धार्मिक, सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संस्थाओं की ओर से एक-एक झांकी होगी। यात्रा में कम से कम 25 झाांकियां शामिल होंगी, हर झांकी के आगे हाथी, घोड़े और ऊंट चलेेंगे साथ ही ढोल और बैंडपार्टी होगी।

शोभायात्रा के सबसे आगे 5100 धर्मध्वजा धारक महिलाएं और पुरूष होंगे। युवक युवतियां रंग बिरंगी आतिशबाजी करते हुए चलेंगे। यह शोभायात्रा महाराजा अग्रसेन स्कूल से शुरू होकर नगर के विभिन्न मार्गो और बाजारों से होती हुई रानियां रोड स्थित श्री बाबा तारा जी कुटिया परिसर में जाकर संपन्न होगी जहां शाम छह बजे भगवान श्रीराम की 31 फुट ऊंची मूर्ति का अनावरण किया जाएगा।