जोधपुर। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाउ लाल वैष्णव का मंगलवार को यहां निधन हो गया। वे करीब 81 वर्ष के थे। वह पिछले कुछ दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जोधपुर में भर्ती थे।
एम्स सूत्रों के अनुसार दाउ लाल वैष्णव ने मंगलवार पूर्वाह्न 11:52 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डा प्रेम चंद बैरवा, केन्द्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित कई नेताओं ने गहरा शोक प्रकट किया है।
बागडे ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इसी तरह शर्मा ने दुख जताते हुए कहा कि अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊ लाल वैष्णव के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त उनके परिजनों के साथ है। ईश्वर दिवगंत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।
शेखावत ने अश्विनी वैष्णव के पिता दाउ लाल के निधन के समाचार को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि दाउ लाल वैष्णव एक सरल और कर्मनिष्ठ व्यक्ति थे। मुझे हमेशा उनसे पितृवत स्नेह मिला है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे और अश्विनी वैष्णव और उनके परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति मिले।
गहलोत ने भी ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना की। इसी प्रकार अन्य कई नेताओं ने दाउलाल वैष्णव के निधन पर दुख प्रकट किया है।