भाजपा नेताओं का प्रियंका गांधी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का परिवाद

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी नेताओं ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का परिवाद राज्य मुख्य चुनाव आयुक्त को सौंपा हैं।

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ के नेतृत्व में सौंपे परिवाद में प्रियंका गांधी पर दौसा जिले में सभा में धार्मिक भावनाओं के आधार पर चुनाव आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ दुभार्वना से झूठ फैलाने का आरोप लगाया है और प्रियंका गांधी के खिलाफ विधिक कार्यवाही की मांग की गई है।

परिवाद में कहा गया है कि प्रियंका गांधी द्वारा मोदी के खिलाफ कल की सभा में देवनारायण के मंदिर में 21 रूपये चढ़ाने का झूठ फैलाया है जबकि मोदी ने आस्था अनुसार अपनी जेब से नकद राशि मंदिर के दानपात्र में डाली थी। उनका का यह कृत्य आचार संहिता के निर्देशों का गंभीर उल्लंघन है और उनका कथन धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।

प्रियंका गांधी द्वारा अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर समाज में धार्मिक उन्माद फैलाने और मतदाताओं को प्रभावित करने की बदनीयती से यह बयान दिया गया है। परिवाद सौंपने के दौरान चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नारायण पंचारिया, सह-संयोजक राजेन्द्र सिंह शेखावत, विधि प्रकोष्ठ से सौरभ सारस्वत, भाजपा सह-कोषाध्यक्ष श्याम अग्रवाल और सतीश सरीन मौजूद थे।