जन आकांक्षाओं के अनुरूप बनेगी भाजपा की लोक-कल्याणकारी सरकार : सतीश पूनियां

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा सतीश पूनीयां ने कहा है कि 2023 में जन आकांक्षाओं के अनुरूप भाजपा की लोक-कल्याणकारी सरकार बनेगी जो प्रदेश के सपनों को पूरा करने का काम करेगी।

डा पूनियां रविवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बूथ सशक्तीकरण अभियान एवं जिला जन आक्रोश महाघेराव का लेकर प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केन्द्र में प्रचण्ड जीत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी और तीसरी बार श्री मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे, इन दोनों संकल्पों के लिए हम सभी भाजपा कार्यकर्ता पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तीन आयामों पर काम करते हैं, संगठन की एक विशेष संरचना है, हम केवल नारों की नहीं सरोकारों की राजनीति करते हैं, इसलिए हम समाज से भी जुड़े हैं और राजनीति से भी, लेकिन सौभाग्य है कि देश के मोदी और कुशल संगठनकर्ता के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देशन में हम सब लोगों ने इस पार्टी को रचनात्मक रूप से भी समाज में भागीदार बनाया है।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने कहा कि बूथ सशक्तीकरण अभियान की प्रादेशिक कार्यशाला संगठन में सभी आयामों और कार्यक्रमों के लिए बूथ की मजबूती के साथ-साथ सशक्त मंडल, सक्रिय बूथ एवं पन्ना समिति का गठन को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना है। बूथ सशक्तिकरण अभियान से भाजपा 2023 में तीन चौथाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

राष्ट्रीय बूथ सशक्तिकरण अभियान टोली के सदस्य प्रदीप वाघेला ने कहा कि राजस्थान के सभी उत्साही एवं ऊर्जावान पार्टी कार्यकर्ता कमर कसकर बूथ सशक्तीकरण के साथ भाजपा को जन-जन तक पहुंचाते हुए आगामी विधानसभा चुनाव 2023 में भव्य विजय के लिए तैयार हैं और भाजपा की जीत नया इतिहास रचेगी।

बैठक को प्रदेश के सहप्रभारी विजया राहटकर और एवं महामंत्री चंद्रशेखर ने संबोधित करते हुए कहा कि बूथ और पन्ना संगठन की महत्वपूर्ण इकाई है जो मतदाताओं को जागरूक करने से लेकर पार्टी के विचार और केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। 2023 और 2024 में भाजपा की ऐतिहासिक जीत में बूथ और पन्ना के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान होगा।