अमीन पठान ने भाजपा छोडी, थामा कांग्रेस का दामन

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी नेता अमीन पठान ने बुधवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। पठान कई पदाधिकारियों व समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पठान ने कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल , मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा एवं कांग्रेस नेता मोहन प्रकाश की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पठान ने कांग्रेस पार्टी के साथ जुड़कर युवाओं, खिलाड़ियों, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के विकास के लिए काम करने का संकल्प लिया।

उल्लेखनीय है कि पठान पिछले 25 वर्षों से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता रहे और भाजपा में जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अनेक पदों पर कार्य किया है एवं बोर्ड एवं समितियों में अध्यक्ष एवं सदस्य के दायित्व का निर्वहन भी किया।

इस मौके उन्होंने कहा कि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास जो नारा दिया है, पार्टी इससे भटक कर अलग दिशा एवं नीति में कार्य कर रही है जिससे आहत होकर उन्होंने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है।

पठान के साथ रज़िया पठान पूर्व पार्षद भाजपा, असमा पठान वर्तमान भाजपा पार्षद वार्ड संख्या 34, नगर निगम कोटा दक्षिण, शहनाज़ कुरेशी पूर्व पार्षद नगर निगम कोटा, राकेश चौहान पूर्व जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा, हरीश कुमार मालव, शाकिर शाह निर्दलीय पार्षद नगर निगम अजमेर, अजहर खान निर्दलीय पार्षद नगर निगम अजमेर सहित अन्य कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।