प्रधानमंत्री मोदी से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की मुलाकात

0

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में मुलाकात की।

मोदी से शर्मा की यह शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ राजस्थान के सर्वांगीण विकास, राज्य में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी दी।

शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच के अनुरूप राजस्थान को समृद्ध बनाने के लिए बजट 2026-27 में 6 लाख करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। राज्य की आर्थिक स्थिति में सुधार करते हुए प्रति व्यक्ति आय को दो लाख से अधिक पहुंचाया गया है और राजकोषीय घाटे को 4.34 प्रतिशत से घटाकर 3.69 प्रतिशत पर सीमित किया गया है। प्रदेश की राजस्व प्राप्ति भी अब 3 लाख 25 हजार करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अवगत कराया कि राजस्थान वर्तमान में 13 राष्ट्रीय योजनाओं में प्रथम, पांच में द्वितीय तथा छह में तृतीय स्थान पर है। सुशासन की दिशा में राज्य सरकार द्वारा कई नवाचार किए जा रहे हैं। इनमें रीति (आरआईटीआई) के माध्यम से ‘मुख्यमंत्री विकसित ग्राम’ एवं ‘विकसित वार्ड’ अभियान प्रारंभ किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जल जल जीवन मिशन की अवधि बढ़ाने, एक्सप्रेस वे तथा अन्य सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने एचपीसीएल रिफाइनरी, राम जल सेतु लिंक, यमुना जल आपूर्ति और फिरोजपुर फीडर आईजीएनपी आदि की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने एलपीजी एवं डीजल, पेट्रोल आदि की आपूर्ति के बारे में भी जानकारी दी।

शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से विकसित राजस्थान का संकल्प समयबद्ध तरीके से पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का राजस्थान की जनता के प्रति अटूट स्नेह और मार्गदर्शन ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है, जिससे प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।