जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान कांग्रेस नेताओं की शुक्रवार को दिल्ली में बैठक बुलाई गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस बैठक में राजस्थान में नए ज़िलाध्यक्षों के नाम पर मुहर लगेगी। राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डोटासरा समेत प्रदेश के बड़े नेता बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंच रहे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा शुरू किया गया संगठन सृजन अभियान कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू किया गया था, जिसकी पहल गुजरात से हुई थी। इसे अब गुजरात मॉडल के नाम से भी जाना जाता है। अब तक इसे गुजरात, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब और झारखंड में लागू किया जा चुका है।
गांधी की इस ड्रीम योजना के तहत संगठन सृजन अभियान कांग्रेस में तेजी से चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में एक के बाद एक सभी राज्यों के नेताओं को दिल्ली बुलाया जा रहा है और ज़िलाध्यक्ष नियुक्ति के लिए विचार-विमर्श किया जा रहा है।
राजस्थान के सभी वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है, जिसमें राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित राजस्थान कांग्रेस संगठन के कई नेताओं को दिल्ली बुलाया गया है।
संगठन सृजन अभियान के तहत राजस्थान में भेजे कांग्रेस के सभी पर्यवेक्षकों ने जिला अध्यक्ष नियुक्त के लिए अपनी रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंप दी है, अब कांग्रेस नेतृत्व ज़िलाध्यक्षों के नामों पर प्रदेश नेतृत्व से सहमति लेकर नये जिला अध्यक्ष नियुक्त करेगा। सूत्रों के अनुसार राजस्थान में कई जिलों के कांग्रेस अध्यक्षों को बदला जाएगा, जिसमें युवाओं और पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं को ज्यादा तवज्जो मिलेगी।