अंतरिम बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में साबित होगा महत्वपूर्ण कदम : दिया कुमारी

जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अंतरिम बजट 2024-25 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को वर्ष 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

दिया कुमारी ने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमन द्वारा लोकसभा में प्रस्तुत बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस अंतरिम बजट में भी पिछले 10 वर्षों की भांति देश की अर्थव्यवस्था एवं आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर बल दिया गया है। इसके साथ ही बजट में युवाओं, महिलाओं, वंचितों एवं अन्नदाताओं पर विशेष जोर दिया गया हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए एचपीवी वेक्सीनेशन की घोषणा ऐतिहासिक है, इससे महिलाओं में सर्वाइकल केन्सर रोकने में मदद मिलेगी। आयुष्मान भारत योजना का दायरा व्यापक करते हुए इसमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी शामिल किया जाना, महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम है। बजट में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का जो लक्ष्य रखा गया है, वह महिला सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि सक्षम आंगनबाड़ी योजना के तहत आंगनबाड़ी केन्द्रों का अपग्रेडेशन किए जाने की घोषणा की गई है। इससे जच्चा-बच्चा का बेहतरीन पोषण सुनिश्चित होगा। उन्होंने कहा कि कहा कि मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद हर घर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाने के लिए महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना की घोषणा की थी, जिस पर अब अमल किया जाएगा, इससे राजस्थान के नागरिकों को विषेश फायदा होगा।

उन्होंने कहा कि केन्द्रीय बजट से राजस्थान में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से आमजन तक लाभ पंहुचाने के लिए हम कटिबद्ध है एवं राजस्थान में अब डबल इंजन की सरकार से आम आदमी का जीवन सुगम बन पाएगा।

दिया कुमारी ने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से राजस्थान में असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रदेश को पर्यटन का सिरमौर बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री ने अपने भाषण में कहा है कि हमारी आर्थिक ताकत ने हमारे देश को बिजनेस और कांफ्रेन्स ट्यूरिस्म के लिए एक आकर्षक गतंव्य बना दिया है। पर्यटन में जिसमें आध्यात्म पर्यटन भी शामिल है, स्थानीय उद्यमिता के अपार अवसर हैं।

उन्होंने कहा कि राज्यों को प्रतिष्ठित पर्यटक केन्द्रों का सम्पूर्ण विकास करने, उनकी वैश्विक पैमाने पर ब्रांडिंग और मार्केटिंग का प्रोत्साहित करने की घोषणा की गई है। घरेलू पर्यटन के प्रति लोगों के बढ़ते उत्साह पर खरा उतरने के लिए लक्षद्वीप सहित हमारे द्वीपसमूहों में पत्तन संपर्क, पर्यटन अवसंरचना और सुख-सुविधाओं के लिए हेतु परियोजनाएं शुरू करने की घोषणा की गई जो कि देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण है।

अंतरिम बजट में गरीब, महिला, युवा और किसानों पर नीतियां फोकस रही : पूनियां

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कहा है कि केंद्र की मोदी सरकार के अंतरिम बजट में गरीब, महिला, युवा और किसानों पर नीतियां फोकस रही है और इसे वर्ष 2047 तक भारत के विकसित होने के संकल्प के साथ पेश किया गया है।

डॉ. पूनियां ने अंतिरिम बजट की अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अंतरिम बजट वह दस्तावेज होता है जिसमें सरकार अपनी उपलब्धियों को परिलक्षित करती है। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था सकारात्मक दिशा में है और इस बजट में यह साफ तौर पर दिखता है कि अब भारत आत्मनिर्भर है, आने वाले समय में 2047 में भारत विकसित भी होगा, उसी संकल्प के साथ इस अंतरिम बजट को पेश किया है, मुख्य बजट जुलाई में आएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे कहते हैं कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास, तो एक तरीके से सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी यह बजट साफ तौर पर दिखता है। इस बजट में गरीब, महिलाएं, युवा और किसानों पर नीतियां फोकस रही हैं, जनधन, उज्ज्वला, आयुष्मान, आवास इन सबके जरिये आम भारतीय का जीवन बदला है। उन्होंने कहा कि मोदी के कुशल नेतृत्व में दुनिया में भारत की साख बढ़ी है, सुरक्षा के क्षेत्र में मजबूत हुए हैं और यही कारण है कि इस अंतरिम बजट में संकल्पित, समर्पित और प्रतिबद्ध भारत की दृष्टि दिखती है।