राजस्थान में महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी

0

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर गुरुवार को राज्य में महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत में दो प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी प्रदान की गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इससे राज्य कार्मिकों एवं पेंशनर्स को महंगाई भत्ते में दो प्रतिशत की वृद्धि देय होगी। अब प्रदेश में सातवें वेतनमान के अंतर्गत राज्य कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को एक जनवरी 2026 से 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता अथवा मंहगाई राहत देय होगी।

इस निर्णय से लगभग 7.02 लाख कार्मिक एवं 5.44 लाख पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। पंचायत समिति तथा जिला परिषद के कर्मचारियों को भी इस बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा। कर्मचारियों को आगामी जून में देय मई 2026 के वेतन से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान किया जाएगा तथा गत एक जनवरी से 30 अप्रैल तक चार महीनों की राशि संबंधित कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी।

पेंशनरों को एक जनवरी से महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा। कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में लिए गए इस संवेदनशील निर्णय सेे राज्य सरकार पर लगभग 1156 करोड़ रुपए का वार्षिक वित्तीय भार आएगा।