मोदी, भाजपा और RSS को कोसे बिना नहीं पचता कांग्रेस नेताओं के पेट का पानी : सीपी जोशी

जयपुर। राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के चित्तौड़गढ़ एक नामांकन सभा में दिए बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जब तक कांग्रेस के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयं सेवक (आरएसएस) को कोस नहीं लेते उनके पेट का पानी नहीं पचता।

जोशी ने अपने बयान में गुरुवार को यह बात कही। उन्होंने कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र का गला घोटने वाली जन विरोधी पार्टी बताते हुए कहा कि लोकतंत्र का काला अध्याय आपातकाल के रूप में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने लिखा था। भाजपा पर संविधान और लोकतंत्र का खात्मा करने का आरोप लगाने वाले खड़गे को यह मालूम होना चाहिए कि संविधान और लोकतंत्र का खात्मा तो आपातकाल में हुआ था जब निर्दाेषों को जेल में डालकर उनकी जबरन नसबंदी कर दी गई और चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त कर दिया गया। कांग्रेस के पास लंबी फेहरिस्त तो है पर वो भ्रष्टाचार और घोटालों की है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में लोकतंत्र की जड़े मजबूत की है। परिवारवाद पर कटाक्ष करने वाले एक बार अपने अंतर मन में झांक ले कि वे सिर्फ गांधी परिवार की चाटुकारिता कर पार्टी को चला रहे हैं। भाजपा पर देश को तोड़ने के आरोपी को हास्यास्पद करार देते हुए सांसद जोशी ने कहा कि कांग्रेस ने देश को नारों और वादों के अलावा कुछ नहीं दिया। न्याय यात्रा के नाम पर देशवासियों के साथ अन्याय कर रहे हैं।

जोशी ने कहा कि मोदी ने आज अपने कौशल और क्षमता का उपयोग करते जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करते हुए विश्व के सर्वमान्य और शक्तिशाली नेता के रूप में भारत का गौरव विश्व में बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने अभी तीन महीने पहले ही विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को आईना दिखाया है, अब लोकसभा चुनावों में भी भाजपा को प्रचंड बहुमत से जिताकर मुंहतोड जवाब देने के लिए तैयार है।