भुवनेश्वर। ओडिशा के प्रख्यात संगीत निर्देशक, संगीतकार और पार्श्व गायक अभिजीत मजुमदार का लंबी बीमारी के बाद रविवार को भुवनेश्वर स्थित एम्स में निधन हो गया। वह 54 वर्ष के थे।
एम्स भुवनेश्वर ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि मजुमदार को 4 सितंबर 2025 को उच्च रक्तचाप, हाइपोथायरायडिज्म और क्रोनिक लिवर रोग सहित कई गंभीर बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल के अनुसार 25 जनवरी 2026 को सुबह 7:43 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों के कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और सुबह 9:02 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि श्री मजुमदार ‘ऑस्मोटिक डिमाइलिनेशन सिंड्रोम’ से पीड़ित थे, जिससे उनका दिमाग गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था। इसके अलावा, वह हॉस्पिटल-एक्वायर्ड और मल्टीड्रग-रेसिस्टेंट एसिनेटोबैक्टर से भी जूझ रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि पहले उन्हें कटक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में उन्नत उपचार के लिए भुवनेश्वर स्थित एम्स स्थानांतरित किया गया था।
मजुमदार ने 1991 में अपनी संगीत यात्रा शुरू की थी और ओडिया फिल्मों एवं एलबम में 700 से अधिक गानों को अपनी आवाज दी थी। संगीत उद्योग में उनके योगदान के लिए उन्हें 2011 में ‘ओडिशा राज्य फिल्म पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि मजुमदार का अंतिम संस्कार कटक में किया जाएगा। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में प्रसिद्ध संगीत निर्देशक और गायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे ओडिया फिल्म संगीत और संस्कृति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए भगवान जगन्नाथ से प्रार्थना की।



