झुंझुनूं के चिड़ावा में सेवानिवृत्त फौजी की चाकू मारकर हत्या

2

झुंझुनूं। राजस्थान में झुंझुनूं जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र में बामनवास गांव में रविवार रात को एक सेवानिवृत्त फौजी की उसके गांव के युवक ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी।

झुंझुनूं के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फूलचंद ने सोमवार को बताया कि उदयवीर सिंह (50) की बामनवास गांव में पशु आहार की दुकान है। गांव से दो किलोमीटर दूर उदयवीर ने खेत में अपना मकान बना रखा है। कल रात साढ़े आठ बजे जब उदयवीर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे तो रास्ते में उन्हें बामनवास गांव निवासी अकरम मिल गया। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।

उन्होंने बताया कि बात इतनी बढ़ गई कि अकरम ने अपने घर से चाकू लाकर उदयवीर के पेट में घोंप दिया। अकरम ने लगातार तीन बार उदयवीर के पेट में चाकू घोंपा। उदयवीर लहुलूहान होकर गिर पड़े। अकरम वहां से फरार हो गया। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। उदयवीर को तुरंत चिड़ावा के निजी अस्पताल और फिर उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उदयवीर को मृत घोषित कर दिया।

उधर, उनकी हत्या से ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इस घटना के विरोध में आज सुबह आठ बजे से ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग -11 (दिल्ली-बीकानेर) को अवरुद्ध कर दिया। इससे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए बामनवास गांव में नौ थानों की पुलिस और रिजर्व पुलिस बल का जाब्ता तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने उदयवीर के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा, बेटे को सरकारी नौकरी, आरोपी की गिरफ्तारी और गांव की गोचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है।