खैरथल-तिजारा में पंचायत चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने पर 19 कर्मचारी निलंबित

0

खैरथल-तिजारा। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की तैयारियों के बीच खैरथल-तिजारा जिला निर्वाचन प्रशासन ने चुनावी ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मतदान दलों की रवानगी के दौरान बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने 19 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निलंबित कर्मचारियों में शिक्षा विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (जलदाय विभाग), नगर परिषद सहित अन्य विभागों के कार्मिक शामिल हैं। इनमें प्रधानाचार्य, शिक्षक, वरिष्ठ अध्यापक, कनिष्ठ सहायक, पंचायत सहायक, सफाई कर्मचारी, प्रयोगशाला सहायक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जैसे विभिन्न पदों पर कार्यरत कार्मिक शामिल हैं।

कलेक्ट्रेट नियंत्रण कक्ष में रहेगा मुख्यालय

जिला निर्वाचन प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निलंबित किए गए सभी 19 कर्मचारियों का मुख्यालय जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय खैरथल-तिजारा स्थित नियंत्रण कक्ष निर्धारित किया गया है। संबंधित कर्मचारियों को तत्काल नियंत्रण कक्ष में उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

चुनाव कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने स्पष्ट किया है कि पंचायती राज चुनाव जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनुशासनहीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्वाचन कार्य में नियुक्त सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं समयबद्धता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि चुनावी ड्यूटी में भविष्य में भी किसी प्रकार की लापरवाही या बिना सूचना अनुपस्थिति सामने आने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला निर्वाचन प्रशासन की इस कार्रवाई को चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों को दी गई सख्त प्रशासनिक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।