बाडमेर जिले में भू-अभिलेख निरीक्षक 18000 रुपए रिश्वत लेते अरेस्ट

0

बाडमेर। राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बाड़मेर जिले में सेडवा तहसील में भू-अभिलेख निरीक्षक क्षेत्र सारला धनराज को 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि धनराज को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार किया गया।

गुप्ता ने बताया कि एसीबी की बालोतरा इकाई को शिकायत मिली कि परिवादी की ग्राम बीसासर स्थित जमीन की नेखमबंदी करने की एवज में धनराज द्वारा 32 हजार रुपए की रिश्वत राशि की मांग की जा रही है, जिसमें वह पूर्व में परिवादी से 12 हजार रुपए ले चुके हैं।

इस पर एसीबी टीम ने धनराज को परिवादी से 18 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की पुलिस महानिरीक्षक स्मिता श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ तथा अग्रिम कार्यवाही जारी है।