भीलवाड़ा में होगा कुम्भ जैसा वातावरण, सैकड़ों संत महात्माओं का होगा आगमन

0

सनातन मंगल महोत्सव–दीक्षा दान समारोह की कड़ी में अग्नि प्रवेश का शुभारंभ
महोत्सव में प्रतिदिन श्रीमद् भागवत कथा वाचन एवं विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे
भीलवाड़ा। धर्मनगरी भीलवाड़ा में हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन महाराज के मार्गदर्शन में 19 से 26 फरवरी तक होने वाले सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह आस्था एवं श्रद्धा भक्ति का कुम्भ जैसा वातावरण बनने जा रहा है।

इस आयोजन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों संत महात्मा शामिल होकर आशीर्वाद एवं सान्निनिध्य प्रदान करेंगे साथ ही कई विशिष्ट अतिथियों (वीआईपी) का भी आगमन होगा। महोत्सव के तहत श्रीमद् भागवत कथा वाचन सहित प्रतिदिन यज्ञ हवन सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे।

सनातन मंगल महोत्सव एवं दीक्षा दान समारोह की श्रृंखला में मंगलवार को सेवा कार्यों की विधिवत शुरुआत श्रद्धा और आस्था के साथ की गई। इस अवसर पर अग्नि प्रवेश सम्पन्न हुआ तथा भंडारा कोठार सेवा के कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के पावन सानिध्य एवं संत–महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना पंडित सत्यनारायण शर्मा द्वारा कराई गई।

भंडार सेवा की जिम्मेदारी भंडार सेवा समिति एवं अनुभवी हलवाइयों की टीम द्वारा निभाई जाएगी, जो महोत्सव अवधि में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।

आज के कार्यक्रम में महंत हनुमानराम उदासीन, महंत जमनादास, संत अर्जुनदास, संत सरूपदास, संत हंसदास, संत मायाराम, संत गोविंदराम, संत प्रकाशानंद, संत ओम उदासी, ब्रह्मचारी इंद्रदेव, कुनाल, सिद्धार्थ, मिहिर सहित हंसगंगा हरिशेवा भक्त मंडल के बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।

सेवा कार्यों के शुभारंभ के साथ ही पूरे परिसर में भक्ति, अनुशासन और सेवा भाव का वातावरण बना रहा। महोत्सव के अंतर्गत विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियाँ निरंतर आयोजित की जाएंगी।

महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने बताया कि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के इस महा आयोजन में शामिल होने की संभावना है। इन तीनों मुख्यमंत्रियों को आमंत्रित किए जाने के बाद सम्बन्धित मुख्यमंत्री कार्यालय ने विस्तार से रिपोर्ट भी मांगी है। शीघ्र ही उनके आगमन का अंतिम कार्यक्रम घोषित हो सकता है। इनके साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आगमन भी प्रस्तावित है।

समारोह में उदासीन कार्ष्णि पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर श्री स्वामी गुरूशरणानंद महाराज रमणरेती महावन गोकुल मथुरा, परम त्यागी तपस्वी बाबा कल्याणदास महाराज अमरकंटक, गुरू गंगेश्वरधाम के अध्यक्ष महामंडेलश्वर स्वामी भास्कारानंद महाराज, श्री रैवासा वृन्दावन धाम के श्री अग्रपीठाधीश्वर मलूकपीठाधीश्वर स्वामी श्री राजेन्द्रदास देवाचार्य महाराज सहित देवभूमि भारत के कई महान संत महात्माओं का सान्निध्य एवं आशीर्वचन प्राप्त होगा।

सनातन मंगल महोत्सव के अंतिम दिन 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से हरिशेवाधाम परिसर में बने विशाल पांडाल में दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का आयोजन होगा। इसमें तीन दीक्षार्थी ब्रह्मचारी इन्द्रदेव, कुनाल एवं सिद्धार्थ को विधिपूर्वक दीक्षा प्रदान की जाएगी।

भीलवाड़ा के विभिन्न धर्मस्थलों व मंदिरों के महन्त महात्माओं का भी पूरा सहयोग इस आयोजन में प्राप्त हो रहा है। भीलवाड़ा में पहली बार हो रहे इस सनातन महासंगम में सनातन धर्म के प्रति आस्थावान विभिन्न जाति समाजों को जोड़ने के लिए बैठक हो चुकी है ओर सभी समाजों के संगठन एवं उनके सदस्य इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समर्पित भाव से सेवाएं प्रदान कर रहे है। इसी तरह मातृशक्ति भी इस आयोजन को भव्य एवं एतिहासिक बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहीे है। विभिन्न महिला संगठन भी इस आयोजन को सफल बनाने में जुटे है।

भव्य कलश यात्रा के साथ होगा सनातन मंगल महोत्सव का आगाज

आठ दिवसीय सनातन मंगल महोत्सव का आगाज 19 फरवरी गुरुवार को सुबह 9 बजे श्रीमद् भागवत महापुराण कलश यात्रा से होगा। कलश यात्रा पोस्टऑफिस के सामने स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर पहुचेंगी। महोत्सव के तहत 19 से 25 फरवरी तक श्रीधाम वृन्दावन के कथा व्यास डॉ. श्यामसुन्दर पाराशर के मुखारबिंद से श्रीमद भागवत कथा का वाचन होगा।

महोत्सव के दौरान विश्व शांति, सर्व संकट निवारण एवं विश्व कल्याण की भावना से प्रतिदिन सुबह 8 बजे से वैदिक अग्नि अनुष्ठान पंचकुण्डीय श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन होगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से श्री अष्टोतर शत (108) भागवत मूल पाठ एवं शतचण्डी पाठ होगा। सनातन मंगल महोत्सव के दौरान अनावरत अखण्ड श्रीमद् भगवतगीता पाठ, श्री रामचरितमानस पाठ, श्रीचंद सिद्धांत सागर पाठ, अखण्ड श्री रामनाम संकीर्तन होगा।

काशी के यज्ञाचार्य कामेश्वरनाथ तिवारी के सान्निध्य में यज्ञ सम्पादन एवं चारों वेद के मूल पाठ का पारायण होगा। प्रतिदिन शाम 7 बजे से श्रीधाम वृन्दावन के रसिकाचार्य कुंजबिहारी शर्मा श्री निकुंज बिहारी रासलीला मण्डल के लीलाकारों द्वारा रासलीला का आयोजन होगा। महोत्सव में प्रतिदिन शाम 6 बजे से काशी की तर्ज पर गंगा आरती का आयोजन होगा। इन सभी कार्यक्रमों की पूर्णाहुति 25 फरवरी को होगी। दीक्षा दान समारोह की पूर्व संध्या पर 25 फरवरी को भव्य संत दर्शन एवं सनातन शोभायात्रा का आयोजन होगा। दीक्षा दान समारोह एवं संत समागम का मुख्य आयोजन 26 फरवरी को सुबह 9 बजे से होगा।