अजमेर में श्रद्धा सम्मान के साथ मनाई सावित्रीबाई फूले की 129वीं पुण्यतिथि

36

अजमेर। माता सावित्रीबाई फुले जागति मंच के तत्वावधान में मंगलवार को देश की प्रथम महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारिका सावित्रीबाई फूले की 129वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई।

इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने सावित्रीबाई फूले के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें नमन किया।

वक्ताओं ने कहा कि सावित्रीबाई फुले ने उस समय महिलाओं और दलितों के लिए शिक्षा का मार्ग प्रशस्त किया, जब समाज में महिलाओं की शिक्षा को लेकर अनेक प्रकार की कुरीतियां और प्रतिबंध थे। उन्होंने अपने पति ज्योतिराव फूले के साथ मिलकर समाज में फैली जाति व्यवस्था, छुआछूत और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया और शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया।

सभा में वक्ताओं ने कहा कि सावित्रीबाई फुले का जीवन त्याग, समर्पण और साहस का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं के लिए विद्यालय खोलने के साथ-साथ समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को शिक्षा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके प्रयासों से महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हुई, जिसका प्रभाव आज भी समाज में देखने को मिलता है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि नारी शिक्षा, समानता और सामाजिक समरसता के लिए सावित्रीबाई फुले के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और नई पीढ़ी को शिक्षा तथा सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करते हैं।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहैती ने कहा कि महान समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले ने उस समय अपने सामने आने वाली चुनौतियां एवं बाधाओं की परवाह नहीं की एवं महिला शिक्षा की अलख जगाई वह सदैव हमारे प्रेरणापुंज रहेंगी।

पुष्पांजलि कार्यक्रम में संयोजक पूनम चंद मारोठिया, पूर्व पार्षद सुनीता चौहान, महेश चौहान, सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज बेहरवाल, शिव कुमार बंसल, नवीन कच्छावा, मामराज सेन, हनीष मारोठिया, हेमराज खारोलिया, विजयलक्ष्मी सिसोदिया, हेमराज सिसोदिया, योगेश गहलोत, गजेन्द्र सैनी, जितेंद्र मारोठिया, ध्रुविका सिसोदिया, प्रदीप कच्छावा, पवन सिगोदिया, उमेश शर्मा, राजेश महावर सहित जन प्रतिनिधि राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं व सकल सैनी समाज के प्रतिनिधि एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे।