सवाईमाधोपुर : ट्रक के अंडरपास में गिरने से एक युवक की मौत, एक घायल

0

सवाईमाधोपुर। राजस्थान में सवाईमाधोपुर के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सोमवार को एक ट्रक के अंडरपास में गिरने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य घायल हो गया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 270.5 पर भगवतगढ़ के पास त्रिलोकपुरा अंडरपास में मिर्ची से भरा ट्रक गिर गया। इससे महाराष्ट्र के जलगांव निवासी सोनू शेख (24) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अयान गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की सहायता से ट्रक को अंडरपास से हटवाया और घायल को उपचार के लिए सवाई माधोपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने शव जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दी है। परिजनों के सवाई माधोपुर पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की

सवाई माधोपुर में दिल्ली-मुंबई रेलमार्ग पर सोमवार को प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युगल ने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सवाई माधोपुर के राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के सूत्रों ने बताया कि टोंक जिले की सीमा पर सुरेली रेलवे स्टेशन के पास तड़के टोंक निवासी प्रेमी युगल ट्रेन के आगे कूद गया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान टोंक निवासी मनचेता (25) और विमल (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने हादसे के बाद टुकड़ों में बिखर गए शवों को चौथ का बरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के शवगृह में रखवाया दिया है। बताया जा रहा है कि प्रेमी युगल की अलग अलग जगह शादी हो चुकी थी।