अजमेर। सेवा भारती अजमेर महानगर की ओर से दीनदयाल उपाध्याय नगर में संचालित बाल संस्कार केंद्र का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुकाजी ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर बालक-बालिकाओं ने कविताएं, राष्ट्रभक्ति गीत, दीप मंत्र, भोजन मंत्र, प्रार्थना तथा लोकगीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर बस्तीवासियों का मन मोह लिया। उपस्थित सभी बस्तीवासियों ने बच्चों की प्रतिभा और प्रस्तुतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में सेवा भारती महानगर मंत्री विकास पाराशर ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से बाल संस्कार केंद्र भेजें तथा अधिक से अधिक बच्चों को केंद्र से जोड़ें, जिससे उन्हें शिक्षा के साथ-साथ उत्तम संस्कार प्राप्त हों।
संस्कारित बालक ही आगे चलकर देश व समाज के लिए आदर्श नागरिक बनते हैं। परिवार और बाल संस्कार केंद्र मिलकर ही बच्चों का समग्र संस्कार निर्माण कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि कुकाजी ने सभी प्रतिभागी बालक-बालिकाओं को पारितोषिक वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।




