पुष्कर में निकली सांस्कृतिक आस्था से ओतप्रोत भव्य आध्यात्मिक पद यात्रा

जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत हुए सहभागी
पुष्कर। अंतरराष्ट्रीय श्री पुष्कर कार्तिक मेले के पावन अवसर पर रविवार को आयोजित आध्यात्मिक पद यात्रा में जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह दिव्य यात्रा गायत्री शक्ति पीठ (गुरुद्वारा), पुष्कर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजारों से होते हुए मेला मैदान पर संपन्न हुई।

इस अवसर पर मंत्री रावत ने कहा कि पुष्कर की यह पवित्र भूमि केवल आध्यात्मिक केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और एकता का प्रतीक है। ऐसी यात्राएं समाज में धार्मिक चेतना, सदभाव और सामाजिक एकजुटता का संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि पुष्कर जैसे तीर्थों का संरक्षण केवल परंपरा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। जब समाज का हर वर्ग एक साथ श्रद्धा और सेवा के भाव से जुड़ता है, तो वह क्षेत्र स्वतः ही विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ता है।

रावत ने पद यात्रा में सम्मिलित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया और स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं, पर्यटकों और प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से पुष्कर की ख्याति विश्व स्तर पर और अधिक बढ़ेगी। उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और पुष्कर की मर्यादा को बनाए रखने का भी आग्रह किया।

यात्रा में बड़ी संख्या में निवर्तमान अध्यक्ष कमल पाठक, श्रद्धालु, साधु-संत, जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, स्थानीय निवासी, व्यापारी, महिला मंडल और विद्यार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों, शंख-घंटों और जयघोषों से वातावरण सनातनी धर्म जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।