अजमेर। पुष्कर घाटी स्थित श्री नौसर माता मंदिर में आयोजित श्री राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ के अंतर्गत शनिवार को महा आरती में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा पड़ा। दिनभर जयकारों और मंत्रोच्चार की गूंज सुनाई दी। यज्ञ सम्राट श्रीश्री 1008 महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज ने भी पधार कर आशीर्वाद दिया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विधिवत पूजा अर्चना कर महा आरती में सहभागिता की तथा प्रदेश की सुख समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा उपस्थित संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। 23 अप्रेल को कलश यात्रा के साथ आरंभ हुए इस धार्मिक आयोजन में महायज्ञ समेत विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम हो रहे हैं साथ ही संतों का सान्निध्य प्राप्त हो रहा है।
शाम को भजन संध्या में श्री सर्वेश्वर संकीर्तन मंडल के अशोक तोषनीवाल ने एक से बढकर एक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। मेरी बांह पकड ले गिरधारी…, नंदलाल चले आओ गिरधारी चले आओ गोपाल चले आओ…, ब्रज के नंदलाल राधाजी के सांवरिया सब दुख दूर हुए जब तेरा नाम लिया…, मेरा जीवन तेरे अर्पण मैं सेवक तुम मेरे स्वामी मेरी रखियो लाज सांवरिया…, गोविंद राधे गोपाल राधे… जैसे भजनों को सुन लोग भावविभोर हो गए।
श्री नौसर माता मंदिर के पीठाधीश्वर श्री रामाकृष्ण देव के सान्निध्य में आयोजित इस यज्ञ में यज्ञाचार्य राजेश कुमार शास्त्री के निर्देशन में विधि-विधान से अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं। शनिवार सुबह 8 बजे आवाहित देव पूजन किया गया, जिसके बाद 10:30 बजे से यज्ञ आरंभ हुआ। 21 यज्ञ वेदियों पर 42 यजमानों द्वारा हजारों आहुतियां दी गईं, जिससे पूरा वातावरण वेद मंत्रों से गूंजायमान हो उठा।
सुबह से देर रात तक परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। संतों के सान्निध्य में चल रहे इस महायज्ञ ने क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया है। राजराजेश्वरी महालक्ष्मी यज्ञ की पूर्णाहुति 26 अप्रेल को दोपहर 12:15 बजे तथा महाआरती दिन में 1 बजे होगी। इसके बाद 2 बजे से भंडारा आयोजित किया जाएगा।


