शिव मंदिर आदर्श नगर में गूंजे श्याम भजन, देर रात तक भक्ति में झूमते रहे श्रद्धालु

0

अजमेर। आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वादशी के पावन अवसर पर आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर में रविवार को श्री श्याम परिवार, आदर्श नगर की ओर से भव्य श्री श्याम संकीर्तन एवं महाप्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। संकीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्याम बाबा के भजनों का आनंद लिया और देर रात तक भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गोपाल जी चोयल द्वारा श्री श्याम बाबा, श्री सांवरिया सेठ एवं श्री तिरुपति बालाजी के आकर्षक श्रृंगार से हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक महाआरती कर सुख-समृद्धि की कामना की।

संकीर्तन में अजमेर के प्रसिद्ध भजन गायक विमल गर्ग एवं उनकी टीम ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन गायक संजय परिहार ने गणेश वंदना से की। वहीं भजन गायिका अंजू शर्मा ने मेरे बांके बिहारी लाल और मेरा श्याम दीवाना है उस राधे रानी का जैसे भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य भजन गायक विमल गर्ग ने आ जाओ नंदलाल आ जाओ, ओ सांवरा एक बार तो आइजो म्हारा आंगणा, जयकारा है श्याम धणी का, ऐसी लागी लगन कि मेरे दिन बदल गए और इतना मान मिला है बाबा सहित अनेक लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी। झूला तो झूले है राधे रानी, डमक-डमक डमरू बाजे तथा गाड़ी मेरा, बंगला मेरा, पैसा सब तेरा है सांवरिया सेठ जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक नृत्य करते हुए श्याम भक्ति में लीन रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री श्याम परिवार के अध्यक्ष सुनील शर्मा, उपाध्यक्ष नरेश तोमर, सचिव हेमंत मित्तल, कोषाध्यक्ष शिवकुमार सिंघल, पीयूष गुप्ता, संतोष आचार्य, योगेंद्र सिंह, मोहित गर्ग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में आदर्श सनातन धर्म सभा एवं विकास समिति के सचिव सुनील गोयल ने सभी आगंतुकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।