सिरोही भाजपा जिला मंत्री के बयान से कठघरे में भजनलाल सरकार का लॉ एंड ऑर्डर!

माउंट आबू में स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष।

सबगुरु न्यूज – माउंट आबू। सिरोही भाजपा की जिला मंत्री गीता अग्रवाल का वायरल वीडियो का बयान आजकल चर्चा में हैं। उनके बयान सीधे सीधे राज्य की भजनलाल सरकार की ह्यूमन ट्रैफिकिंग के प्रति फेल्योर और सिरोही पुलिस की अकर्मण्यता को उजागर कर रहा है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के सामने जो बोला वो विपक्ष के लिए सरकार को घेरने का एक प्रमुख मुद्दा बन सकता है।

– माउंट आबू में बताया बैंकॉक सा माहौल

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया रहाटकर हाल में ही माउंट आबू आई थी। उनके साथ सांसद लुंबाराम चौधरी और जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी भी थीं। उनका स्वागत और अभिनंदन हुआ। इसी कार्यक्रम के दौरान भाजपा की जिला मंत्री गीता अग्रवाल ने कहा कि माउंट आबू में देह व्यापार बढ़ गया है। उन्होंने यहां बैंकॉक वाले हालात बताए। उनका दावा है कि इससे यहां पर माहौल खराब हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि माउंट आबू पर्यटन के साथ साथ धार्मिक महत्व भी है। उनके बयान से खुद माउंट आबू भाजपा भी सवालों के घेरे में है। सवाल ये कि भाजपा नेताओं को ये सब पता होने पर उन्होंने इसे रोकने के लिए माउंट आबू पुलिस के साथ क्या सहयोग किया। यदि माउंट आबू भाजपा ने इस तरह का प्रयास किया था तो फिर उनकी बात को अनसुना करने वाले कार्मिक कोई खिलाफ भाजपा ने किसे अवगत करवाया था। भाजपा के कार्यकर्ता बूथ के माध्यम से माउंट आबू की हर गली से जुड़े हुए हैं। ऐसे में ऐसे लोगों और जगहों को सरकार के सामने लाने का काम उनसे बेहतर तरीके से शायद ही कोई कर सकता है। भाजपा जिला मंत्री का ये बयान माउंट आबू के किसी क्षेत्र विशेष या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की साख को भी सीधे सीधे शक के दायरे में ला रहा है।

– जिला पुलिस की अकर्मण्यता

गीता अग्रवाल भाजपा की पिछली कार्यकारिणी में जिला उपाध्यक्ष थीं, लेकिन उन्हें इस बार जिला मंत्री बना दिया गया। उनका ये दावा करना कि माउंट आबू में कॉल गर्ल्स की आवाजाही बढ़ी है, जिला पुलिस और भाजपा की सरकार पर सीधा सीधा निशाना है। उनका ये दावा करना ये बता रहा है कि माउंट आबू पुलिस एकदम नकारा साबित हो रही है। माउंट आबू में ही माउंट आबू सर्कल के सर्कल ऑफिसर का कार्यालय है। ऐसे में भाजपा नेता के द्वारा वहां पर इस तरह के अनैतिक कार्य होने का दावा करना माउंट आबू पुलिस उपाधीक्षक और थानाधिकारी की कार्यप्रणाली और भी सवालिया निशान लगा दिया है।