मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता सूर्या और ज्योतिका ने अपनी शादी की 20वीं सालगिरह को बेहद खास अंदाज में मनाया। दो दशक पहले शादी के बंधन में बंधे इस स्टार कपल ने एक निजी समारोह में एक बार फिर एक-दूसरे के साथ जीवनभर साथ निभाने की प्रतिज्ञाएं दोहराईं। इस भावुक समारोह में उनके दोनों बच्चे दिया और देव, परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त मौजूद रहे।
दरअसल, सूर्या और ज्योतिका ने 11 सितंबर 2006 को चेन्नई में शादी की थी। 20 साल पूरे होने के मौके पर दोनों ने एक चर्च में शादी की प्रतिज्ञाओं को दोबारा दोहराया। यह समारोह उनकी पहली शादी से अलग ईसाई शैली में आयोजित किया गया था। ज्योतिका सफेद वेडिंग गाउन में नजर आईं, जबकि सूर्या ने सफेद जैकेट और काले ट्राउजर का चुनाव किया।
ज्योतिका के साथ बेटे ने की एंट्री
समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह तेजी से चर्चा में आ गया। वीडियो में ज्योतिका सफेद गाउन पहनकर अपने बेटे देव के साथ समारोह स्थल की ओर बढ़ती नजर आती हैं। वहीं उनकी बेटी दिया भी इस खास मौके का हिस्सा बनीं। दोनों बच्चों ने अपने माता-पिता की दूसरी बार प्रतिज्ञा लेने के इस खास पल को करीब से देखा।
ज्योतिका के पहुंचने पर सूर्या उन्हें देखकर भावुक नजर आए। इसके बाद दोनों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर शादी के वचन दोहराए। इस दौरान परिवार और दोस्तों की मौजूदगी ने समारोह को और खास बना दिया। सूर्या के भाई और अभिनेता कार्थी भी इस अवसर पर मौजूद थे।
‘20 साल का प्यार और उतार-चढ़ाव’
ज्योतिका ने समारोह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए अपने रिश्ते के दो दशक के सफर को याद किया। उन्होंने इस मौके को केवल एक आदर्श रिश्ते के उत्सव के बजाय उन परिस्थितियों, समझौतों, त्याग और आपसी समझ का जश्न बताया, जिन्होंने उनके रिश्ते को मजबूत बनाया। कपल ने इस खास आयोजन को ‘द सीक्वल’ नाम दिया। उनके अनुसार यह दो दशक के साथ के बाद रिश्ते में एक बार फिर अपने वादों को दोहराने जैसा था।
परिवार बना इस खास पल का गवाह
सूर्या और ज्योतिका की 20वीं सालगिरह का यह समारोह काफी निजी रखा गया। इसमें परिवार और करीबी दोस्तों को ही शामिल किया गया। बच्चों की मौजूदगी ने समारोह को खास भावनात्मक रूप दिया। समारोह की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर इस जोड़ी के लिए शुभकामनाएं दीं। सूर्या और ज्योतिका ने कई फिल्मों में साथ काम किया है और फिल्मों से शुरू हुई उनकी दोस्ती बाद में रिश्ते में बदल गई। शादी के दो दशक बाद भी दोनों का यह अंदाज उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।



