जयपुर। राजस्थान में जयपुर की विशेष अदालत ने पूर्व विधायक बलजीत यादव को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
प्रर्वतन निदेशालय (ईडी) की ओर से किए गए अनुरोध पर विशेष न्यायाधीश खगेन्द्र कुमार शर्मा ने तीन दिन की न्यायिक हिरासत को मंजूरी दी। ईडी ने मंगलवार को बलजीत यादव को गिरफ्तार किया था। यादव पर आर्थिक अपराध का आरोप है।
इससे पहले हिरासत की अवधि समाप्त होने पर आज बलजीत यादव को अदालत में पेश किया गया, जहां ईडी के अधिवक्ता अभिषेक तिवाड़ी ने तर्क दिए कि आरोपी पर लगाए गए आरोप गंभीर हैं। ईडी पक्ष का कहना था कि पूर्व विधायक पर विधायक फंड के दुरुपयोग का आरोप है और उन्हें गिरफ्तार किया जाना उचित था।
दूसरी ओर, बचाव पक्ष के अधिवक्ता कपिल गुप्ता ने गिरफ्तारी को अनुचित बताते हुए कहा कि गिरफ्तारी के अधिकार का दुरुपयोग किया गया है। करीब चार घंटे चली बहस के बाद अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलों के आधार पर निर्णय सुनाते हुए बलजीत यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की अगली सुनवाई नौ फरवरी को होगी।



