श्रीगंगानगर : बारिश में कमरे की छत गिरने से दो किसानों की मौत

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में केसरीसिंहपुर थाना क्षेत्र में पाकिस्तान सीमा के समीप चक 11-एस में खेत में बने एक कमरे की छत गिरने से उसमें सोए दो किसानों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि चक 11-एस में सुखदेवसिंह के खेत में हुए इस हादसे में मरने वालों की पहचान जगसीरसिंह जटसिख (50) तथा मलकीतसिंह बावरी (24) निवासी चक 01-एक्स के रूप में हुई है। आज सुबह सुखदेवसिंह खेत में गया तो उसे कमरे की छत गिरी दिखाई दी। छत के मलबे में दोनों के शव दबे पड़े थे। सुखदेवसिंह ने आसपास के खेतों में कम कर रहे लोगों तथा ग्रामीणों को बुलाया। मलबा हटाने पर दोनों ही मृत पाए गए।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच दोनों मृतकों के परिवारजन मौके पहुंचे तो लाशें देखकर बदहवास हो गए। उनमें कोहराम मच गया। दोनों के परिवारजन विलाप करने लगे।

पुलिस ने बताया कि जगसीरसिंह तथा मलकीतसिंह ने मिलकर सुखदेव सिंह की जमीन को बंटाई पर काश्त करने के लिए ले रखा था। दोनों कल शाम को खेत में कम कर रहे थे। इसी दौरान बारिश शुरू हो गई। बारिश की वजह से दोनों रात को खेत में बने पक्के कमरे में सो गए। रात्रि को किसी समय छत ढह गई।