लोकसभा चुनाव परिणाम : तमिलनाडु की 39 में से 36 सीटों पर द्रमुक गठबंधन आगे

चेन्नई। तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीति गठबंधन के उम्मीदवार राज्य की कुल 39 लोकसभा सीटों में से 36 पर आगे चल रहे हैं।

मतगणना शुरू होने के तीन घंटे तक बाद उपलब्ध रुझानों के अनुसार राज्य में द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन 36 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि मुख्य विपक्षी दल अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्ना द्रमुक) के नेतृत्व वाला गठबंधन दो सीटों पर और दूसरे मोर्चे की अगुआई कर रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक सीट पर आगे चल रही है।

कांग्रेस, मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एमडीएमके), विदुथलाई चिरुथैगल काची (वीसीके), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) सहित द्रमुक और उसके सहयोगी दलों के लगभग सभी प्रमुख उम्मीदवारों ने तीन दौर की मतगणना के बाद अच्छी बढ़त बना ली है। द्रमुक, कांग्रेस, वीसीके और वामपंथी दलों के लगभग सभी मौजूदा सांसद अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आगे चल रहे हैं।

अन्ना द्रमुक गठबंधन के उम्मीदवार विजय प्रभाकर विरुधुनगर में आगे चल रहे हैं। वह दिवंगत अभिनेता-राजनेता एवं देसीया मुरपोक्कु द्रविड़ कड़षम के संस्थापक विजयकांत के पुत्र हैं। उन्हें मौजूदा कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर के खिलाफ सहानुभूति लहर का फायदा मिल रहा है, जबकि अन्नाद्रमुक एक सीट पर आगे चल रही है। भाजपा गठबंधन पार्टी की उम्मीदवार सौम्या अंबुमणि, जो पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ अंबुमणि रामदास की पत्नी हैं, धर्मपुरी में आगे चल रही हैं।

द्रमुक के नेतृत्व वाला गठबंधन भारी बहुमत से चुनाव जीतने के लिए तैयार है, वहीं दूसरे स्थान के लिए मुकाबला भाजपा और अन्ना द्रमुक के बीच है। चुनावों से पहले, व्यापक रूप से यह अनुमान लगाया गया था कि यह द्रमुक और अन्ना द्रमुक के बीच सीधा मुकाबला होगा, जैसा कि राज्य में अब तक हुए चुनावों में देखा गया है।

भाजपा अन्ना द्रमुक से आगे दूसरे स्थान पर है, जो अपने महासचिव ईके पलानीस्वामी के नेतृत्व में पहली बार चुनाव लड़ रही है। केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की एकमात्र सीट के लिए भी मतगणना शुरू हो गई है, जहां मौजूदा सांसद और कांग्रेस उम्मीदवार वी.वैथिलिंगम भाजपा के ए.नमशिवायम से आगे चल रहे हैं। अन्ना द्रमुक तीसरे स्थान पर है।

गौरतलब है कि कुल 40 सीटों (तमिलनाडु में 39 और पुड्डुचेरी में एक) में से 2019 के लोकसभा चुनावों में द्रमुक फ्रंट ने कुल 39 सीटें और अन्नाद्रमुक ने एक सीट जीती थी।

लोकसभा चुनाव परिणाम : गुजरात की 25 में से 23 सीटों पर भाजपा आगे